नरसिंहपुर। जिले में रेत के अवैध कारोबार और उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के निर्देशन में खनिज विभाग की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए अवैध रूप से रेत ले जा रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा है। इन दोनों वाहनों को जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।
प्रभारी अधिकारी खनिज शाखा से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण को रोकने के लिए संयुक्त टीम लगातार निरीक्षण कर रही है। इसी अभियान के तहत प्रभारी खनि निरीक्षक श्री नीरज रामटेके ने दो अलग-अलग तारीखों में यह बड़ी कार्रवाई की।
खनिज विभाग की टीम ने पहली कार्रवाई 5 जून को की, जहां रेत का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया। इस वाहन को तुरंत जब्त कर सांईखेड़ा पुलिस थाने की कस्टडी में खड़ा कराया गया है। इसके बाद, 10 जून को टीम ने एक और ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध रेत ले जाते हुए पकड़ा, जिसे स्टेशनगंज पुलिस थाने की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग ने दोनों ही मामलों में अवैध उत्खनन और परिवहन का केस (प्रकरण) तैयार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि माफियाओं के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Views: 87



