pub-1657030687483830

शहडोल: भ्रष्टाचार की शिकायत करना पड़ा भारी, निलंबित पंचायत सचिव ने साथियों संग घर में घुसकर सामाजिक कार्यकर्ता पर किया हमला

Posted on

November 18, 2026

by india Khabar 24

शहडोल (मध्य प्रदेश):—कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत कल्याणपुर वार्ड क्रमांक 04 में भ्रष्टाचार की शिकायत से नाराज एक निलंबित पंचायत सचिव द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर एक सामाजिक कार्यकर्ता के घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से प्राप्त जानकारी और प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR क्रमांक 0564/2026) के अनुसार, कल्याणपुर वार्ड क्रमांक 04 निवासी 51 वर्षीय सामाजिक कार्यकर्ता श्रीकांत गुप्ता (पिता रामकिशोर गुप्ता) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। श्रीकांत गुप्ता ने बताया कि उनके गांव के विवेक कुमार गुप्ता, जो चार पंचायतों के सचिव हैं, के कथित घोटालों की शिकायत उन्होंने आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) रीवा, जनपद पंचायत सोहागपुर और कलेक्ट्रेट कार्यालय शहडोल में की थी। इसी शिकायत के आधार पर सचिव विवेक कुमार गुप्ता को वर्तमान में निलंबित (सस्पेंड) किया गया है, जिससे वह रंजिश रखता था।

रात में घर में घुसकर की मारपीट

पीड़ित के मुताबिक, दिनांक 10 नवंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे निलंबित सचिव विवेक कुमार गुप्ता उनके घर के अंदर घुस आया और कॉलर पकड़कर हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसके पीछे अंकित गुप्ता, अतुल गुप्ता, शिवम गुप्ता और एक अन्य अज्ञात साथी भी घर में घुस आए और लात-घूंसों से पिटाई करने लगे। आरोप है कि विवेक गुप्ता ने कपड़ा धोने वाले बैट से श्रीकांत गुप्ता के सिर पर वार किया, जिससे उनके सिर से खून बहने लगा।

बीच-बचाव करने आईं पीड़ित की पत्नी सुभद्रा गुप्ता को भी आरोपियों ने धक्का दे दिया, जिससे वह नीचे गिर गईं। इस पूरी घटना को पीड़ित की पत्नी और उनके बेटे ऋषभ गुप्ता ने देखा। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए सस्पेंड कराने के बदले जान से खत्म करने की धमकी भी दी। मारपीट में श्रीकांत गुप्ता के सिर, कमर, पीठ, पेट और कोख में चोटें आई हैं।

पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद 11 नवंबर 2026 को पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली शहडोल में आरोपी विवेक कुमार गुप्ता, अंकित गुप्ता, अतुल गुप्ता, शिवम गुप्ता और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 333, 296(बी), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है।

Posted on

November 18, 2026

by india Khabar 24

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]
Scroll to Top