वन परिक्षेत्र जबलपुर अंतर्गत बारहा वृत्त, पिपरीया बीट के कक्ष क्रमांक RF-244 में दिनांक 01/02/25 को मृत तेंदुआ पाया गया था जिसमें वन परिक्षेत्र जबलपुर द्वारा वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 9,39,44,48A,51 सह पठित 2(16) के अंतर्गत प्रकरण क्रमांक 279/12 दिनांक 01/02/25 दर्ज किया गया था | इसी मामले में आज दिनांक 13/02/25 को मुख्य वन संरक्षक महोदय श्री कमल अरोरा जी, श्रीमान वनमंडल अधिकारी महोदय श्री ऋषि मिश्र जी, श्रीमान उपवनमंडल अधिकारी महोदय श्री पीके श्रीवास्तव जी के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में वन परिक्षेत्र अधिकारी जबलपुर श्री अपूर्व प्रखर शर्मा एवं परिक्षेत्र सहायक श्री महेश मिश्रा(बारहा), श्री विजय तिवारी(बरेला), श्री गुलाब सिंह (जबलपुर) एवं अन्य कर्मचारियों ने तेंदुए के शिकार में 5 अभियुक्त – लखन कुलस्ते, सत्येंद्र बरकडे, राधेश्याम यादव, सुरेंद्र मरावी, देवी सिंह को गिरफ्तार कर न्यायलय में प्रस्तुत किया है |
घटना के उपरांत परिक्षेत्र जबलपुर की टीम लगातार आसपास के गाँव में पूछ-ताछ कर रही थी और इसी दौरान सर्च वारंट लेकर अभियुक्तों के घर में छापा मारा | सर्च के दौरान अभियुक्तों के घर से करंट लगाने वाली तार, खूटी और कुछ अन्य वन्य प्राणियों के अवशेष प्राप्त हुए है जिसे नानाजी देशमुख पशुचिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय में परीक्षण हेतु भेजा गया है | सर्च करने के बाद अभियुक्तों को पूछ-ताछ हेतु जबलपुर लाया गया, जिसमें अभियुक्तों द्वारा करंट की तार लगाना एवं शिकार करना स्वीकार किया गया और साबित हुआ | अभियुक्तों द्वारा यह भी स्वीकार किया गया कि उनके द्वारा पूर्व में भी कयी बार जंगली सुअर, खरगोश आदि का करंट लगाकर शिकार किया गया है | अभियुक्त सुरेंद्र मरावी द्वारा यह भी स्वीकार किया गया कि उन्होंने तेंदुए के नाखून निकाल लिए है और उसे नदी के पास छुपा दिया है | वन विभाग की एक टीम ने अभियुक्त सुरेंद्र मरावी के साथ ग्राम करौंधी में नदी के पास जहां नाखुन छुपाये थे वहाँ पहुची और पाँच नग नाखून जप्त किए जिसे नानाजी देशमुख पशुचिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय में परीक्षण हेतु भेजा गया है | वन परिक्षेत्र जबलपुर की स्टाफ द्वारा लगातार इस मामले में जांच की जा रही है और इसमें अन्य लोगों का भी पता लगाया जा रहा है एवं शेष नाखूनों के लिए तलाशी जारी है |



