
शहडोल मध्यप्रदेश
शहडोल 19 मार्च 2023-‘‘माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शहडोल वीरेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में एवं निशा विश्वकर्मा, जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शहडोल की अध्यक्षता तथा मुख्य आतिथ्य में ए.डी.आर. सेंटर शहडोल में दिनांक 17 मार्च 2023 दिन शुक्रवार को म0प्र0 अपराध पीड़ित प्रतिकर योजना, 2015 तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली की प्रतिकर योजना 2018 के संबंध में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जानकारी देते हुए जिला न्यायाधीश निशा विश्वकर्मा ने बताया कि ऐसे अपराध पीड़ितों या उनके आश्रितों को, जिन्हें अपराध के परिणामस्वरूप हानि या क्षति कारित हुई है और जिन्हें पुनर्वास की आवश्यकता है उन्हें प्रतिकर प्रदाय करने हेतु म0प्र0 अपराध पीड़ित प्रतिकर योजना, 2015 बनाई गई है । विश्वकर्मा ने बताया कि ऐसा प्रत्येक व्यक्ति जिसके विरूद्ध अपराध गठित हुआ है । उसके संबंध में विचारण न्यायालय द्वारा शिफारिश होने पर अथवा जहां विचारण न्यायालय द्वारा पीड़ित को प्रतिकर अदायगी के बारे में कोई आदेश नहीं दिया गया हो वहां पीड़ित व्यक्ति अथवा उसका आश्रित व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को आवेदन कर सकता है । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा निर्धारित की गई प्रतिकर की राशि ऐसे पीड़ित व्यक्ति को अथवा उसके आश्रितों को उनके पुनर्वास के प्रयोजन के लिए प्रदाय की जाती है । पीड़ित के आश्रितों में पीड़ित व्यक्ति की पत्नी, पिता, पति, माता, अविवाहित पुत्री, अवयस्क बच्चे शामिल होते हैं किन्तु ऐसा कोई व्यक्ति सम्मिलित नहीं है जो उस अपराध के लिए उत्तरदायी होता है । जिला विधिक सहायता अधिकारी अमित शर्मा ने उपस्थित समस्त प्रतिभागियों से पीड़ित प्रतिकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने की अपील की है जिससे शासन की कल्याणकारी योजना का फायदा प्रत्येक पीड़ित को प्राप्त हो सके । उक्त कार्यशाला में डी.एस.पी. अंकिता सुल्या, सहायक आयुक्त अजाक विभाग ए.एम. अंसारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. आर.के. शुक्ला, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष प्रदीप सिंह, समस्त पुलिस थानों के प्रतिनिधिगण, महिला बाल विकास कार्यालय एवं बाल कल्याण समिति के सदस्यगण, पैरालीगल वालेंटियर्स आदि उपस्थित रहे! शहडोल से फरीद खान की रिपोट



