लालबर्रा।

बालाघाट जिले के लालबर्रा क्षेत्र अंतर्गत लालबर्रा से 6 किलोमीटर दूर जबलटोला मुरलीखाम से पढ़रापानी गणेशटोला मार्ग पर बने पुल के टूट जाने के कारण आसपास के ग्राम के किसान काफी नाराज हैं। जहां मुरलीखाम से पढ़रापानी के बीच बना पुलिया विगत वर्ष जुलाई अगस्त में अत्यधिक बारिश के कारण टूटकर बह गया है एवं पढ़रापानी से पढ़रापानी स्कूलटोला के बीच बना पुल भी क्षतिग्रस्त हो चुका है। जहां विगत डेढ़ वर्ष से किसानों को अपने खेत बैलगाड़ी ट्रेक्टर सहित आने जाने में, ग्रामीण राहगीरों को आने जाने में, स्कूली छात्र-छात्राएं मुख्यालय की ओर आवागमन करने में काफी परेशानी हो रही है।

बारिश के दिनों में सभी को अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है, जहां ग्रामीणों ने इस संबंध में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं शासन प्रशासन के नेताओं अधिकारियों का भी इस ओर मीडिया के माध्यम से ध्यान आकर्षण कराया है। परन्तु उनका कहना है कि आज दिनांक तक पुल का निर्माण कार्य एवं क्षतिग्रस्त पुल का सुधार कार्य प्रारंभ न होने के कारण ग्रामीण काफी नाराज हैं एवं उनमें चुनाव के प्रति निराशा है। इसलिए टूटे हुए पुल के पास मुरलीखाम, पढ़रापानी, जबलटोला , नगपुरा, बिठली, गणेशटोला के कुछ दर्जनों किसानों ने एकत्रित होकर सामने आ रहे विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव का पूर्ण रूप से बहिष्कार किया है। जहां प्रशासनिक अधिकारी लालबर्रा तहसीलदार अपने स्टाफ के साथ एवं लालबर्रा थाना प्रभारी अपने स्टाफ के साथ एवं सड़क विभाग से संबंधित एस डी ओ मैडम भी मौका स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों की बात को सुना समझा एवं उन्हें उनकी बात को शासन- प्रशासन के नेताओं एवं उच्च अधिकारियों तक जल्द पहुंचाकर एवं पुल पुलिया का निर्माण कार्य व सुधार कार्य अतिशीघ्र प्रारंभ कराए जाने हेतु आश्वस्त किया है। अब 17 नवंबर को ज्ञात होगा कि यह सभी किसान मतदान करते हैं या नहीं। जहां तक जानकारी प्राप्त हो रही है कि उक्त पुल के निर्माण कार्य हेतु मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण विभाग से पुल के निर्माण कार्य, क्षतिग्रस्त पुल के सुधार कार्य एवं सड़कों के नवीनीकरण कार्य के लिए स्वीकृति मिल चुकी है। जिसका ठेकेदार के माध्यम से टेंडर होना अभी बाकी है, चुनावी कार्य के दौरान थोड़ा विलंब हो रहा है। आज 8 नवंबर को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के महाप्रबंधक मौका स्थल पर पहुंचेंगे, जहां ग्रामीण किसानों, स्कूली छात्र-छात्राओं व अन्य राहगीरों की परेशानी को देखते हुए फिलहाल आवागमन करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जाएगी।



