pub-1657030687483830

लोगों के राजस्व संबंधी मामलों के निराकरण में आयेगी गति : विधायक रोहाणी

Posted on

September 29, 2022

by india Khabar 24

जबलपुर मध्यप्रदेश

(रांझी में तहसील कार्यालय भवन का भूमिपूजन, 6.40 करोड़ की लागत से बनेगा दो मंजिला भवन)

जबलपुर तहसील कार्यालय रांझी के नये भवन का आज गुरुवार को आयोजित एक भव्य समारोह में विधायक श्री अशोक रोहाणी ने भूमिपूजन किया। सिविल अस्पताल रांझी के समीप करीब 6 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से 1180 वर्गमीटर क्षेत्र में बनने वाले दो मंजिला तहसील कार्यालय भवन के भूमिपूजन समारोह में नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी, क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
विधायक रोहाणी ने भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए नये तहसील कार्यालय भवन को रांझी और केंट विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी सौगात बताया। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का आभार जताते हुए कहा कि तहसील कार्यालय का नया भवन बनने से न केवल रांझी और केंट विधानसभा बल्कि इसके आसपास क्षेत्र के लोगों को बड़ी सहूलियत होगी एवं उससे राजस्व संबंधी मामलों के निराकरण में भी गति आयेगी।
विधायक रोहाणी ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से शुरू किये गये डेढ़ माह के मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य शासन की योजनाओं का सभी पात्र हितग्राहियों को लाभ देने के उद्देश्य से चलाये जा रहे अभियान के तहत 2 अक्टूबर को सरस्वती शिशु मंदिर रांझी में विशाल शिविर लगाया जायेगा। शिविर में हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ देने के साथ-साथ लोगों की राजस्व, नगर निगम एवं अन्य विभाग से संबंधित कठिनाईयों का निराकरण भी किया जायेगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी नागरिकों को इस शिविर में ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल होने की अपील की। रोहाणी ने इस अवसर पर नागरिकों को नवरात्र पर्व की बधाई भी दी।
तहसील कार्यालय भवन के भूमिपूजन समारोह को कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने भी संबोधित किया। उन्होंने समारोह में बड़ी संख्या में मौजूद लोगों को मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा अभियान के तहत लगाये जा रहे शिविरों में शामिल होकर शासकीय योजनाओं का लाभ उठाने की अपील भी की। तहसील कार्यालय के नये भवन का भूमिपूजन समारोह का शुभारंभ कन्या पूजन के साथ हुआ। विधायक रोहाणी, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज एवं कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने पूरे विधि-विधान से भूमिपूजन किया। समारोह में बताया गया कि रांझी तहसील कार्यालय का नया भवन एक साल के भीतर बनकर तैयार हो जायेगा। कुल 1180 वर्गमीटर पर भूतल सहित दो मंजिला इस भवन में तहसीलदार एवं अतिरिक्त तहसीलदार कोर्ट बनाये जायेंगे। इसके अतिरिक्त तहसीलदार के चेम्बर, मीटिंग हॉल, रीडर रूम, कम्प्यूटर कक्ष, ट्रेजरी ऑफिस रूम, गार्ड रूम, स्ट्रांग रूम भी बनाये जायेंगे।

Posted on

September 29, 2022

by india Khabar 24

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]
Scroll to Top