शहडोल—-शहर के पांडव नगर स्थित गुड शेफर्ड कॉन्वेंट स्कूल परिसर में अज्ञात युवकों द्वारा एक बड़ा पटाखा बम फेंके जाने का मामला सामने आया है। इस तेज धमाके से स्कूल की एक खिड़की टूट गई और परिसर में अन्य नुकसान भी हुआ है। पूरी घटना स्कूल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
कैसे हुई घटना?
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, यह घटना रात के समय की है जब स्कूल में बच्चे मौजूद नहीं थे। फुटेज में स्कूटी पर सवार तीन युवक स्कूल के मुख्य द्वार के सामने आकर रुकते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद युवक एक बड़ा बम पटाखा जलाते हैं और उसे स्कूल की बाउंड्री के भीतर फेंक कर वहां से फरार हो जाते हैं। कुछ ही सेकंड में परिसर के अंदर जोरदार धमाका होता है।
बड़ा हादसा टला
स्कूल प्रबंधन ने बताया कि स्कूल परिसर में कई कर्मचारी रहते हैं, जिनमें धमाके की आवाज से हड़कंप मच गया। प्रबंधन का कहना है कि यदि यह घटना दिन में स्कूल संचालन के समय हुई होती और बच्चे परिसर में होते, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। प्रबंधन के अनुसार, पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं और कार्रवाई न होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।
पुलिस कार्रवाई
स्कूल प्रबंधन ने घटना का सीसीटीवी फुटेज सौंपते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए तीनों युवकों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शहडोल से सत्येन्द्र सोनी



