जबलपुर (बरगी)।
नर्मदा नदी के पावन तटों पर अवैध रूप से संचालित हो रहे कच्ची शराब के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बुलडोजर कार्रवाई करते हुए माफियाओं की कमर तोड़ दी है। बरगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खिरहनी घाट के जंगलों और झाड़ियों में पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध शराब बनाने की सामग्री (लाहन) को मौके पर ही नष्ट कर दिया।

झाड़ियों में छिपाकर रखी थी सामग्री
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने खिरहनी घाट के जंगलों में सघन सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान तस्करों द्वारा झाड़ियों के बीच छिपाकर रखे गए 15 लीटर क्षमता वाले 180 डिब्बे और 8 बड़े ड्रम बरामद किए गए। इन ड्रमों और डिब्बों में लगभग 17 क्विंटल (1700 किलोग्राम) कच्चा लाहन भरकर रखा गया था, जिसे पुलिस ने मौके पर ही पूरी तरह नष्ट कर दिया। हालांकि, पुलिस टीम के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी जंगलों का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
तीन थानों की संयुक्त टीम ने दी दबिश
यह बड़ी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (SP) संपत उपाध्याय के कड़े निर्देशों पर अमल में लाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अंजना तिवारी और सीएसपी बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में इस पूरी योजना को अंजाम दिया गया।
कार्रवाई का नेतृत्व बरगी थाना प्रभारी निलेश दोहरे ने किया। इस रेड में बरगी, भेड़ाघाट और चरगवां थाने की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही, जिसने चारों तरफ से घेराबंदी कर इस अवैध ठिकाने को नेस्तनाबूद किया।
आरोपियों की तलाश जारी, निगरानी हुई सख्त
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस सफल कार्रवाई के बाद पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि नर्मदा नदी के किनारों पर अवैध शराब के ठिकानों को पूरी तरह खत्म करने के लिए ड्रोन और पेट्रोलिंग के जरिए निगरानी को और अधिक सख्त किया जाएगा।
Views: 208