शहडोल—संभागीय मुख्यालय शहडोल में पुलिस की रात्रि गश्त और कानून-व्यवस्था के दावों को ठेंगा दिखाते हुए अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। जिला जेल भवन के ठीक सामने स्थित एक दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी समेत हजारों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। हालांकि, एक सजग पड़ोसी की सतर्कता के चलते बड़ी चोरी होने से बच गई। भागते समय चोर अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़ गए, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
रात 3 बजे बोला धावा, ₹5,000 नगद और सामान पार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 14 के निवासी रामदयाल यादव रोज़ाना की तरह अपनी दुकान (ठेला) बंद कर घर गए थे। रात के लगभग 3:00 बजे अज्ञात शातिर बदमाशों ने दुकान को निशाना बनाया। चोरों ने बड़ी चालाकी से ताला तोड़ा और अंदर रखे करीब 5,000 रुपये नकद, राजश्री गुटखा, सिगरेट, बिस्कुट और अन्य कीमती सामान बटोर लिया।
पड़ोसी की सजगता से टली बड़ी वारदात
जब चोर दुकान के अंदर सामान खंगाल रहे थे, तभी पड़ोस में रहने वाले सुमन नामक युवक की नींद खुल गई। ताला टूटने की खटपट सुनकर सुमन ने बिना वक्त गंवाए तुरंत दुकान संचालक रामदयाल यादव को फोन पर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दुकान मालिक आनन-फानन में मौके पर पहुंचे।
मालिक को आता देख दुकान के पास मौजूद दो अज्ञात बदमाश गांधी चौक की तरफ अंधेरे का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गए। हड़बड़ी में भागे चोर अपनी काले-नीले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली पल्सर मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़ गए।
चेचिस नंबर से चोरों को दबोचेगी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने चोरों की उस पल्सर बाइक को अपनी सुपुर्दगी में ले लिया है, जिसका चेचिस नंबर MD2A11CX0SCA22143 है।
शिकायतकर्ता रामदयाल यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब्त वाहन के चेचिस नंबर के आधार पर आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय व्यापारियों में असंतोष
जिला जेल जैसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके के ठीक सामने हुई इस घटना से स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों में भारी आक्रोश है। क्षेत्र में बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों के बीच इस प्रकार की चोरी ने पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में सक्रिय बदमाशों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
शहडोल से सत्येन्द्र सोनी
