सिवनी ब्यूरो (संदीप ठाकुर)
पनीर एवं मिल्क क्रीम का गुणवत्ता जांच हेतु लिया गया नमूना

#सिवनी/ कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन के निर्देशानुसार जिले में अमानक खाद्य पदार्थों का निर्माण, भंडारण एवं विक्रय करने वालों पर #खाद्य_एवं_औषधि_प्रशासन_विभाग के जांच दल सतत कार्रवाई की जा रही है साथ ही विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच की जा रही है।
इसी कड़ी में ग्राम कुकलह बीसाबाड़ी में संचालित विकास साहू पनीर निर्माण उद्योग में अवशिष्ट पदार्थों के सही निपटारा न होने के कारण ग्रामीणों द्वारा शिकायत दर्ज की गई थी। जिसके उपरांत खाद्य सुरक्षा प्रशासन टीम द्वारा मंगलवार 15 जुलाई को पनीर निर्माण परिसर का निरीक्षण कर निर्मित किए जाने वाले पनीर एवं मिल्क क्रीम का नमूना गुणवत्ता जांच हेतु लिया गया।
प्राप्त शिकायत अनुसार संबंधित व्यक्ति द्वारा पनीर बनाने के बाद शेष बचे अपशिष्ट पदार्थ को नाली द्वारा खेतों में ही बहाया जा रहा था, जिससे उक्त क्षेत्र में अत्यधिक दुर्गंध आ रही थी साथ ही बारिश मौसम के कारण संक्रामक होने के चलते बीमारी होने की संभावना निर्मित हो रही थी। खाद्य कारोबारकर्ता विकास साहू द्वारा अवशिष्ट पदार्थों का सही निपटारा नहीं किया जाने के कारण कारोबारकर्ता का मौके पर खाद्य लाइसेंस निरस्तीकरण कर उक्त फैक्ट्री को सील करने की कार्यवाही की गई।



