जबलपुर (गंगा नगर)। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने नगर निगम के दावों की पोल खोलकर रख दी है। पश्चिम विधानसभा के अंतर्गत आने वाली चंदन कॉलोनी (एयरटेल टॉवर के पास) इस समय पूरी तरह टापू में तब्दील हो चुकी है। मुख्य सड़कें तालाब बन चुकी हैं और लोगों के घरों में घुटनों तक गंदा और दूषित पानी भर गया है। इस संकट के बीच स्थानीय निवासियों का गुस्सा क्षेत्रीय पार्षद जीतू कटारे के खिलाफ फूट पड़ा है। रहवासियों का आरोप है कि चुनाव जीतने के बाद से पार्षद ने पश्चिम विधानसभा के इस संवेदनशील क्षेत्र की सुध तक नहीं ली है।
नाला बंद करने की मांग, कॉलोनी में घुस रहा है बाहरी पानी
चंदन कॉलोनी के निवासियों ने रोष जताते हुए प्रशासन से विवादित नाले को तुरंत बंद करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस नाले के खुले होने या गलत जुड़ाव के कारण बाहरी क्षेत्रों का पूरा गंदा पानी और कचरा बहकर उनकी कॉलोनी में घुस रहा है। ड्रेनेज के इस गलत सिस्टम के कारण घरों में भरा पानी बदबू मार रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। रहवासियों की स्पष्ट मांग है कि इस ड्रेनेज/नाले को यहां से बंद किया जाए ताकि कॉलोनी को जलभराव से बचाया जा सके।
घरों में कैद बच्चे, पढ़ाई पर लगा ब्रेक
जलभराव के कारण हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है। छोटे-छोटे बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई पूरी तरह ठप हो गई है। स्थानीय निवासी धर्मेंद्र कुशवाहा ने बताया, “यह समस्या पिछले कई सालों से बनी हुई है। पश्चिम विधानसभा के इस हिस्से की हमेशा अनदेखी की जाती है। हमारी मुख्य मांग है कि इस नाले को स्थायी रूप से बंद या डायवर्ट किया जाए, ताकि हर साल होने वाले इस जलभराव से राहत मिल सके।”
जनता में भारी आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी
जीतकर गायब हुए जनप्रतिनिधि और सोए हुए प्रशासनिक तंत्र के खिलाफ चंदन कॉलोनी के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर नगर निगम प्रशासन ने युद्ध स्तर पर काम करके इस नाले को बंद करने और जल निकासी का सही इंतजाम करने की कार्रवाई नहीं की, तो वे पश्चिम विधानसभा के नागरिकों को साथ लेकर नगर निगम मुख्यालय का घेराव करेंगे और उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
Views: 76




