शहडोल — सर्किट हाउस के समीप स्थित पोनांग तालाब में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन ग्रीन स्पेस पार्क का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा नहीं होने और बेहद धीमी प्रगति पर नगर पालिका परिषद की मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशा जितेंद्र भंडारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। मंगलवार को निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि पोनांग तालाब में ग्रीन स्पेस पार्क निर्माण के लिए ठेकेदार को 9 जुलाई 2024 को कार्यादेश जारी किया गया था। दो वर्ष से अधिक समय बीतने के बावजूद निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति मात्र 17 प्रतिशत ही हो सकी है। इस दौरान ठेकेदार को कई बार नोटिस जारी किए गए और कार्य पूरा करने के लिए पर्याप्त समय भी दिया गया, लेकिन इसके बाद भी निर्माण कार्य में अपेक्षित गति नहीं आई।
कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए सीएमओ श्रीमती भंडारी ने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराना संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी है। बार-बार निर्देश और नोटिस दिए जाने के बाद भी कार्य में संतोषजनक प्रगति नहीं होना गंभीर लापरवाही है।
उन्होंने मौके पर उपस्थित नगर पालिका के उपयंत्री शरद द्विवेदी को संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई तत्काल प्रस्तावित करने तथा निर्माण कार्य में हुई देरी के कारणों की समीक्षा कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने नगर पालिका के अधिकारियों को नगर में संचालित सभी विकास एवं निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति की समीक्षा की जाए तथा गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित कराया जाए। किसी भी कार्य में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पालिका परिषद द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और नगर के विकास कार्यों को समय पर पूरा कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है।
शहडोल से सत्येन्द्र सोनी




