शहडोल—सिख पंथ के प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी के आजीवन साथी एवं रबाब वादक भाई मरदाना जी की 17वीं पीढ़ी के प्रत्यक्ष वंशज, प्रख्यात पुरातन कीर्तनकार भाई दिलीप सिंह जी फक्कड़ (पटियाला वाले) का शहडोल नगर में ऐतिहासिक एवं पावन आगमन हुआ। यह शहडोल की समूची साध-संगत के लिए अत्यंत गौरव और सौभाग्य का क्षण रहा, जहां श्रद्धालुओं ने पलक-पांवड़े बिछाकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
नगर स्थित गुरुद्वारा साहिब में आयोजित विशेष आध्यात्मिक कीर्तन दरबार में भाई दिलीप सिंह जी फक्कड़ और उनके जत्थे ने सदियों पुरानी ‘पुरातन रबाबी शैली’ और शास्त्रीय रागों में गुरबानी का ऐसा अलौकिक कीर्तन किया कि पूरा पंडाल भक्तिरस में डूब गया। जब गुरु नानक देव जी के काल की पारंपरिक धुनों पर शब्द गायन शुरू हुआ, तो उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए और वातावरण ‘बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों से गूंज उठा।
गुरबानी और भाईचारे का दिया संदेश
कीर्तन के मध्य भाई दिलीप सिंह जी फक्कड़ ने संगत से संवाद करते हुए गुरु नानक देव जी और भाई मरदाना जी के अटूट स्नेह व आध्यात्मिक यात्राओं (उदासियों) के अनमोल प्रसंग साझा किए। उन्होंने कहा कि भाई मरदाना जी का जीवन हमें सिखाता है कि ईश्वर की भक्ति और मानवता की सेवा जाति-धर्म से ऊपर होती है। उन्होंने युवाओं से अपनी समृद्ध विरासत और गुरबानी से जुड़ने का आह्वान किया।
शहडोल से सत्येन्द्र सोनी





