
इंडिया KHABAR 24 न्यूज छिंदवाड़ा सुनीता सोमकुंवर जिला ब्यूरो
छिंदवाड़ा: कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 105 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जनसुनवाई में मुख्य रूप से ज़मीन का सीमांकन करने, संबल योजना का लाभ दिलाने, सड़क बनाने, अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने कई प्रकरणों को समय सीमा की बैठक में समीक्षा के लिए भी चिन्हांकित किया।
जनसुनवाई में ग्राम पिपरिया राजगुरू की श्रीमती शारदा ने करंट लगने से पुत्र की मृत्यु होने पर आर्थिक सहायता दिलाने, ग्राम सिधौली की कु. सोनाली खमरिया ने आंगनबाड़ी केन्द्र में सहायिका के पद पर नियुक्ति दिलाने, दमुआ की श्रीमती नर्मदी राजवंशी ने दमुआ नगरपालिका में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत पुत्री की मृत्यु पश्चात दूसरी पुत्री को अनुकम्पा दिलाये जाने आदि के आवेदन प्रस्तुत किए गए।
कलेक्टर नारायन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आवेदनों का निराकरण समय सीमा के भीतर करें और प्रकरणों की समीक्षा करें। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, एडीएम श्री धीरेन्द्र सिंह और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।





