जबलपुर रेल मंडल
मध्यप्रदेश
– जबलपुर । जबलपुर मण्डल पर यात्रियों को आगामी त्यौहारों में ट्रेनों में अधिक भीड़ के दौरान आरामदायक यात्रा के उद्देश्य से समय-समय पर यात्री गाड़ियों एवं स्टेशनों में टिकट चेकिंग अभियान चलाया जाता रहा है। इसी कड़ी में रेलवे मजिस्ट्रेट सहित वाणिज्य एवं आरपीएफ अधिकारियों की स्पेशल टीम द्वारा जबलपुर से सतना स्टेशनों पर संयुक्त सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक दर्जन यात्री गाडियों के 171 यात्रियों को पकड़कर उनसे लगभग 80 हजार रुपए की राशि बतौर जुर्माना वसूल की गई। इन दिनों त्योहारों में शामिल होने, यात्री गाड़ियों में अनियमित टिकट लेकर तथा अनाधिकृत रूप से स्लीपर कोच में यात्रा करने वालों एवं स्टेशन पर आवारा घुमने वालो की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे द्वारा एक दिवसीय औचक विशेष जांच अभियान चलाया गया।

इस टिकट जांच अभियान में रेलवे मजिस्ट्रेट श्री समीर कुमार मिश्र एवं वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी मीना जी भी उपस्थित थे। स्टेशन पर चल टिकट निरीक्षकों की टीम ने डेली अप डाउन करने वाले अनियमित यात्रियों, बिना प्लेटफार्म टिकिट के स्टेशन में प्रवेश करते लोगो को पकड़ा। पकड़े गए इन यात्रियों से रेलवे के दस्ते ने उक्त जुर्माना राशि वसूल की। इस जांच कार्यवाही में चल टिकट निरीक्षक डॉ.एस.एम.एच.आबदी, मोहन साहू, शुभम तिवारी, राहुल कुमार, सुशील कुमार के साथ ही डीके ओझा, दीपक कुमार, देवेंद्र कुमार, एस के बिंद, पंकज प्रजापति, पवन तिवारी आदि की सरहनीय भूमिका रही।
इस जांच के दौरान ट्रेन न. 13202 जनता एक्सप्रेस, 12168 मुंबई एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 22178 महानगरी सुपर फास्ट एक्सप्रेस, 12321 हावड़ा मुंबई मेल सहित अन्य यात्री गाड़ियों को चेक करने के साथ ही अवैध वेंडरो,प्लेटफार्म पर आने वाले ऑटो चालक, बिना प्लेटफॉर्म टिकट लिए प्लेटफार्म पर घूमने वाले लोगों के साथ ही प्लेटफॉर्म में गंदगी करने वाले लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की भी जांच की गई। रेलवे द्वारा प्रारंभ किया गया यह जांच अभियान और आगामी दिनों में भी निरंतर चलेगा।
जबलपुर से संवाददाता नरेश चौधरी की रिपोर्ट





