जबलपुर (मध्य प्रदेश): पाटन थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गुरु पिपरिया में एक विधवा महिला को उसके ही देवर द्वारा प्रताड़ित करने और बिना सहमति के जमीन बटाई (सिकमी) पर देने का गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय पुलिस से न्याय न मिलने पर पीड़ित महिला ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा और इंसाफ की गुहार लगाई है।
चार साल से प्रताड़ना का आरोप
पीड़ित महिला मधु शर्मा ने एसपी कार्यालय में दी गई शिकायत में बताया कि पति की मृत्यु के बाद से उनका देवर विवेक शर्मा उन्हें और उनके बेटे को पिछले चार वर्षों से लगातार परेशान कर रहा है। महिला का आरोप है कि देवर ने उनकी मालिकाना हक वाली जमीन को उनकी मर्जी के बिना सिकमी (बटाई) पर किसी अन्य व्यक्ति को दे दिया है। महिला का कहना है कि इस मामले में पाटन थाना पुलिस उन्हें बार-बार चक्कर कटवाती है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
दस्तावेजों की जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लिया है। अधिकारियों ने पाटन थाना प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि बीट प्रभारी को तुरंत मौके पर भेजकर जमीन से जुड़े सभी राजस्व और मालिकाना हक के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जाए।
पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि यदि महिला के नाम दर्ज जमीन को बिना अनुमति के सिकमी पर दिया गया है, तो संबंधित अवैध कब्जाधारी को वहां से तुरंत बेदखल किया जाएगा और पीड़ित विधवा महिला को शीघ्र न्याय दिलाया जाएगा।
Post Views: 15




