जबलपुर आर्थिक अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बुधवार को छिंदवाड़ा और मंडला में एक साथ कार्रवाई करते हुए वन विभाग के उप वन मंडलाधिकारी, दो रेंज अधिकारी, एक वनपाल के बेटे, तथा मंडला जिले के सरपंच और सचिव के खिलाफ गबन और फर्जी भुगतान के मामलों में FIR दर्ज की है।
जांच में सामने आया कि वन विभाग में 30 लाख से अधिक की राशि फर्जी मजदूर और फर्जी फर्म के नाम पर निकाली गई, जबकि मंडला में ग्राम पंचायत बेलखेड़ी में बिना कार्य करवाए 22.87 लाख रुपए का गबन किया गया था।
30 लाख के फर्जी भुगतान का आरोप
जबलपुर EOW को शिकायत मिली थी कि कैम्पा योजना की राशि का गलत उपयोग किया जा रहा है। जांच में पता चला किअनादि बुधोलिया, उप वन मंडलाधिकारी (परासिया, छिंदवाड़ा),कीर्ति बाला गुप्ता, परिक्षेत्र अधिकारी (सांवरी रेंज),हीरालाल सनोड़िया, परिक्षेत्र अधिकारी (सांवरी रेंज)और वनपाल चेतराम चौबे के पुत्र सुशील चौबेने साठगांठ कर कई मदों में फर्जी भुगतान किए।
फर्जी मजदूर-फर्म के नाम पर भुगतान
EOW की जांच में खुलासा हुआ कि वनपाल चेतराम चौबे के पुत्र सुशील चौबे का नाम फर्जी मजदूर के रूप में दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि सुशील चौबे को मजदूरी के नाम पर 2,71,379 रुपए का फर्जी भुगतान किया गया। इसके अलावा सुशील चौबे की ही फर्म अवनी कंस्ट्रक्शन के खातों में 23,21,199 रुपए ट्रांसफर किए गए। यह पूरी राशि निर्माण कार्य, बाउंड्रीवाल और कैम्पा योजना के अन्य कामों के नाम पर स्वीकृत दिखाई गई थी, जबकि वास्तविकता में ये भुगतान कागजों पर हेराफेरी कर फर्जी तरीके से किए गए थे।
1 दिन में मजदूर को 2 बार भुगतान
जांच में यह भी सामने आया कि एक ही कार्य के लिए एक ही मजदूर को एक ही तारीख में दो बार भुगतान किया गया, जो सीधे तौर पर भ्रष्टाचार की श्रेणी में आता है।


