pub-1657030687483830

लूट की रिपोर्ट नहीं लिखी..संजीवनी नगर थाना प्रभारी अंजलि उदेनिया को लाइन अटैच और भेड़ाघाट थाना प्रभारी पूर्वा चौरासिया के खिलाफ जांच के निर्देश

Posted on

November 24, 2024

by india Khabar 24

(दो थानों के बीच 20 घंटे तक भटका पीड़ित; भेड़ाघाट थाना प्रभारी के खिलाफ जांच होगी)

जबलपुर लूट की रिपोर्ट लिखने में 20 घंटे की देरी करने पर एएसपी ने संजीवनी नगर थाना प्रभारी अंजलि उदेनिया को लाइन अटैच कर दिया है। वहीं भेड़ाघाट थाना प्रभारी पूर्वा चौरासिया के खिलाफ सीएसपी को जांच के निर्देश दिए हैं। घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है।
भेड़ाघाट निवासी अमर सिंह को दो थानों की पुलिस ने एफआईआर के लिए रात भर उलझाए रखा। शिकायत सीनियर अफसरों तक पहुंची। इसके बाद एएसपी आनंद कलादगी ने माना कि संजीवनी नगर और भेड़ाघाट थाना प्रभारी ने अमर सिंह की एफआईआर लिखने को लेकर लापरवाही बरती है। इसी के चलते ये कार्रवाई की गई।
भेड़ाघाट पुलिस ने कहा- वारदात हमारे एरिया में नहीं हुई
दरअसल, फरियादी अमर सिंह देर रात जबलपुर से अपने गांव बहदन जा रहा था। इस दौरान अंधमूक बाइपास के पास चार बदमाशों ने उसे रोका और पैसे मांगने लगे। जब अमर सिंह ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की और बाइक भी लूट कर ले गए। वो जैसे-तैसे भेड़ाघाट थाने पहुंचा और पूरी घटना बताई। उससे कहा गया कि लूट की वारदात संजीवनी नगर थाने की है, इसलिए वहां जाकर रिपोर्ट दर्ज करवाए।
संजीवनी नगर पुलिस बोली- घटना भेड़ाघाट थाने की है
अमर सिंह रात को ही भेड़ाघाट से संजीवनी नगर थाने पहुंचा, जहां उसे यह कहते हुए जाने को कहा गया कि घटनाक्रम भेड़ाघाट का है। उसे वहीं जाने को कहा गया। संजीवनी नगर और भेड़ाघाट थाने के बीच सीमा विवाद में उलझा फरियादी अमर सिंह 20 घंटे तक परेशान रहा और यहां-वहां भटकता रहा।
परेशान होकर उसने इसकी शिकायत सीनियर अफसरों से की। अधिकारियों के निर्देश के बाद संजीवनी नगर थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई। घटना को एएसपी ने गंभीरता से लिया और संजीवनी नगर थाना प्रभारी अंजलि उदेनिया को लाइन अटैच कर दिया गया। वहीं भेड़ाघाट थाना प्रभारी पूर्वा चौरासिया के खिलाफ जांच के निर्देश दिए हैं।
एएसपी बोले- भेड़ाघाट थाना प्रभारी ने लापरवाही की

इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी का कहना-

लूट की एफआईआर दर्ज करने में देरी किए जाने का मामला संज्ञान में आया था। संजीवनी नगर और भेड़ाघाट थाना प्रभारी की इसमें लापरवाही पाई गई है। इसलिए संजीवनी नगर थाना प्रभारी को लाइन अटैच किया गया है। इसके साथ ही भेड़ाघाट थाना प्रभारी के खिलाफ भी जांच के आदेश दिए गए हैं

Posted on

November 24, 2024

by india Khabar 24

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top