
छतरपुर मध्य प्रदेश
छतरपुर जिले में चंदला से BJP विधायक राजेश प्रजापति भेष बदलकर लोक सेवा केंद्र पहुंचे। विधायक पुराने कपड़े पहनकर केंद्र पर पहुंच गए। विधायक ने चेहरे को गमछे से ढंक लिया था, जिससे कोई भी कर्मचारी उन्हें पहचान नहीं पाया। यहां उन्होंने आम नागरिक बनकर अपना काम करवाना चाहा, करीब आधा घंटे भटकने के बाद भी उनका काम नहीं हुआ। विधायक अपना काम करवाने के लिए लोक सेवा केंद्र में भटकते रहे। इस दौरान विधायक के साथ के लोग इसका वीडियो बनाते रहे। केंद्र पर पदस्थ कर्मचारी उन्हें इधर-उधर भटकाते रहे, उन्होंने आवेदन तक नहीं लिया। विधायक ने मौके से ही तहसीलदार अनिल तलैया को फोन लगाया और अव्यवस्था से अवगत करवाया। चंदला से BJP विधायक राजेश प्रजापति को शिकायत मिली थी कि लवकुश नगर तहसील में बने लोकसेवा केंद्र में लोगों के काम नहीं हो रहे हैं। यहां पदस्थ कर्मचारी बहाना बनाकर लोगों को भगा देते हैं।



