शहडोल—जिला मुख्यालय के पुराना गांधी चौक ,पंचायती मंदिर के पास से न्यू सब्जी मंडी मे इस समय आवारा पशुओं आवारा सांड का आतंक मचा हुआ है ! आए दिन इनमें कोई ना कोई घटना दुर्घटना हो ही रही है !
ऐसे ही एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ स्थित अमर शहीद देवेंद्र सोनी तिराहा पर आवारा पशुओं और बैलों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब आम लोगों की जान पर बन आई है। बीते दिनों यहाँ आपस में लड़ रहे बैलों के बीच फंसे स्थानीय युवक पवन ताम्रकार पर एक बैल ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया और उन्हें हवा में उठाकर जोर से सड़क पर पटक दिया। इस हादसे में पवन ताम्रकार बाल-बाल तो बच गए, लेकिन उन्हें चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाकर बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भयानक था कि अगर सही समय पर लोग मदद के लिए नहीं दौड़ते तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। घटना के तुरंत बाद आस-पास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए पवन ताम्रकार को बैलों से बचाया।
सब्जी मंडी बना ‘मौत का कुआं’, स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश
पुराना गांधी चौक, पंचायती मंदिर ,न्यू सब्जी मंडी और देवेंद्र सोनी तिराहा व्यापार का मुख्य केंद्र है, जहाँ सुबह से लेकर रात तक हजारों लोगों और गलियों में पैदल चलने वालों की भारी भीड़ रहती है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों का कहना है कि आवारा पशुओं का सड़कों पर लड़ना यहाँ रोज की बात हो गई है। आए दिन होने वाले इन हादसों के कारण लोग अब यहाँ से गुजरने में भी कतराने लगे हैं।
प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद से स्थानीय जनता और व्यापारियों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों ने नगर पालिका और स्थानीय प्रशासन से चेतावनी भरे लहजे में मांग की है कि:
सड़कों और चौराहों पर घूम रहे आवारा पशुओं को तुरंत पकड़कर गौशाला भेजा जाए।
सब्जी मंडी क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
यदि समय रहते प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो भविष्य में किसी की जान भी जा सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
शहडोल से सत्येन्द्र सोनी


