
मंडला मध्यप्रदेश
मंडला – इंडोर स्टेडियम मंडला में राज्य स्तरीय अंडर 19 बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन 1 अगस्त 2022 से 7 अगस्त 2022 में होगा। मध्य प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एडवोकेट आलोक खरया और मध्य प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के सहसचिव व जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव चंद्रेश खरे ने बताया कि मध्य प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा मंडला को राज्य स्तरीय अंडर 19 बैडमिंटन टूर्नामेंट की मेजबानी सौंपी गई है। मंडला जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के पदेन अध्यक्ष, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में यह आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग के ऑडिटोरियम (इंडोर स्टेडियम) में किया जायेगा। 7 दिवसीय इस आयोजन में समूचे प्रदेश के बैडमिंटन खिलाडी शामिल होंगे।

मंडला में आयोजित होने वाले इस बैडमिंटन टूर्नामेंट में अंडर 19 ऐज ग्रुप के बॉयज सिंगल, बॉयज डबल, गर्ल्स सिंगल, गर्ल्स डबल और मिक्स्ड डबल के मैच खेले जायेगे। इस प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए मध्य प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा बड़ी संख्या ऑफिशल्स मंडला भेजे जा रहे है। पूरे टूर्नामेंट को मध्य प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के रजिस्टर्ड रेफरी और मैच कंट्रोलर संचालित करेंगे। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन मंडला राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है। ऑडिटोरियम को प्रतियोगिता के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। टर्फ, लाइट, खिड़की, वेंटीलेटर आदि को बारीकी से देख कर उनकी कमियों को दूर किया जा रहा है, ताकि मेहमान खिलाडियों को प्रतियोगिता के दौरान किसी तरह की कोई परेशानी न हो।



