pub-1657030687483830

हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे शासन की योजनाएं -मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का पहला शिविर मोहगांव में, 8 जनवरी 2027 तक हर शुक्रवार लगेंगे शिविर

Posted on

August 8, 2026

by india Khabar 24

मंडला,
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत मोहगांव में आयोजित पहले शिविर में मध्यप्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार प्रदेशवासियों के हित में नई-नई योजनाएं बनाकर उन्हें धरातल पर उतार रहे हैं। जन विश्वास अभियान भी उनकी इसी संवेदनशील सोच का परिणाम है।
मंत्री श्रीमती उईके ने कहा कि हमारी सरकार की स्पष्ट मंशा है कि शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से यह अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है, ताकि मौके पर ही समस्याओं का निराकरण हो सके और हितग्राहियों को सीधे लाभ मिले।
जल जीवन मिशन और अधोसंरचना पर दिया जोर
मंत्री श्रीमती उईके ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में जिले में जल जीवन मिशन का कार्य तेजी से संचालित है। सिंगल विलेज स्कीम, समूह जल प्रदाय योजनाएं और हालोन परियोजना के अंतर्गत 445 गांवों में हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य लेकर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि सभी कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कर हर घर नल से जल की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी।
डिण्डौरी-मण्डला मार्ग निर्माण के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से पेयजल आपूर्ति बाधित होने पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने कहा कि संबंधित पंचायतों के जनप्रतिनिधि और सचिव एनओसी देते समय इस बात का विशेष ध्यान रखें, ताकि भविष्य में पेयजल आपूर्ति प्रभावित न हो।
स्कूल और आंगनबाड़ी भवनों के संबंध में उन्होंने कहा कि जिले में भवन विहीन आंगनबाड़ियों और जर्जर स्कूल भवनों की समस्या को जिला प्रशासन गंभीरता से ले रहा है। इसके लिए कार्ययोजना बनाकर आने वाले समय में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी संस्थान भवन की कमी से न जूझे।
विधायक और कलेक्टर ने दी जानकारी

कार्यक्रम में निवास विधायक श्री चैनसिंह वरकड़े ने कहा कि जन विश्वास अभियान तभी सफल होगा जब योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों को मिलेगा। उन्होंने मुनू के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों के पदों की स्वीकृति और क्षेत्र के स्वास्थ्य केन्द्रों में स्टाफ की कमी को दूर करने की मांग रखी।
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने बताया कि प्रदेश में आज से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान प्रारंभ हुआ है। इसका पहला शिविर मोहगांव में आयोजित किया गया है। आगामी 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर शिविर लगेंगे। इसी क्रम में 14 अगस्त को मवई और 21 अगस्त को नारायणगंज में शिविर आयोजित होंगे।
जनसंवाद के साथ उद्यमियों से संवाद, विभागीय समीक्षा भी
शिविर में जनसंवाद के साथ-साथ क्षेत्र के उद्यमियों और व्यापारियों से भी चर्चा की गई। स्व-सहायता समूह से जुड़ी दो बहनों ने अपनी सफलता की कहानी साझा कर अन्य महिलाओं को प्रेरित किया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कमलेश तेकाम ने उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी।
शिविर से पूर्व कलेक्टर श्री धोटे ने विभागीय समीक्षा बैठक ली। पंचायतवार योजनावार समीक्षा कर कार्य गति में सुधार लाने के निर्देश दिए। पीडीएस दुकानों, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। सभी पटवारियों को नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अभिलेख दुरुस्ती और फार्मर आईडी बनाने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए। जिला स्तरीय समाधान ऑनलाइन में चयनित 10 शिकायतों की शिकायतवार सघन समीक्षा भी की गई।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गतसिंह भवेदी, उपाध्यक्ष श्री शिवकुमार मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य श्री शिव पुषाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी, डीएफओ सुश्री प्रीता एसएम, सहायक कलेक्टर श्री शैलेंद्र चौधरी, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम घुघरी श्री सचिन जैन, सीईओ जनपद पंचायत मोहगांव श्रीमती श्रृद्धा सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला व खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Posted on

August 8, 2026

by india Khabar 24

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]
Scroll to Top