हर्रई/भोपाल। अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक कमलेश प्रताप शाह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर हर्रई नगर में नियमित एसडीएम कोर्ट शुरू किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में विधायक ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि हर्रई क्षेत्र के लोगों को राजस्व मामलों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे उन्हें समय और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
विधायक ने बताया कि हर्रई में नियमित एसडीएम कोर्ट नहीं होने के कारण आमजन को अपने राजस्व संबंधी कार्यों के लिए करीब 40 किलोमीटर दूर अमरवाड़ा जाना पड़ता है। वहीं विकासखंड के कई गांवों के लोगों को 60 से 70 किलोमीटर तक की यात्रा करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि हर्रई विकासखंड पूर्णतः आदिवासी बहुल क्षेत्र है, इसलिए स्थानीय स्तर पर एसडीएम कोर्ट की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है।
विधायक कमलेश प्रताप शाह ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि जनहित को देखते हुए हर्रई में नियमित एसडीएम कोर्ट की शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए। उनका कहना है कि कोर्ट शुरू होने से हजारों ग्रामीणों, किसानों और आम नागरिकों को राहत मिलेगी तथा राजस्व संबंधी मामलों का त्वरित निराकरण संभव हो सकेगा।
हर्रई छिंदवाड़ा



