लखन भाण्डे, जिला ब्यूरो चीफ
मंडला- आस्था, उत्साह और श्रद्धा से ओत-प्रोत वातावरण के बीच नैनपुर रेलवे स्टेशन से मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत मंडला जिले के 250 तीर्थयात्रियों को लेकर विशेष ट्रेन को रामेश्वरम के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह आयोजन जिलेभर के लिए एक बड़े उत्सव जैसा रहा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमति कृष्णा पंजवानी, एसडीएम नैनपुर श्री आशुतोष ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मंच साझा किया। सभी ने तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनकी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। स्टेशन परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था और यात्रियों का पुष्पमालाओं एवं तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
यह विशेष ट्रेन श्रद्धालुओं को दक्षिण भारत के पवित्र तीर्थ स्थल रामेश्वरम ले जा रही है। यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा हेतु भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सहायता एवं आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों एवं पात्र श्रद्धालुओं को निःशुल्क तीर्थ यात्रा का अवसर प्रदान किया जा रहा है। जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए यात्रियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। परिवारजन भी स्टेशन पर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और भावुक माहौल में अपने परिजनों को विदा किया।
कार्यक्रम को लेकर पूरे जिले में उत्सव जैसा वातावरण रहा। प्रशासन द्वारा सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हुआ। यह पहल न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करती है, बल्कि समाज में सामूहिकता और सांस्कृतिक एकता का भी संदेश देती है। मंडला जिले के लिए यह आयोजन गौरव और आनंद का अवसर साबित हुआ।
Post Views: 52





