भोपाल एमपी में पदस्थ आईएएस, आईपीएस, आईएफएस समेत दो लाख कर्मचारी अधिकारी केंद्र सरकार की यूनिफाइड पेंशन स्कीम का विकल्प 12 दिनों में चुन सकते हैं। यूपीएस (यूनिफाइड पेंशन स्कीम) में पात्र कर्मचारी केवल एक बार एनपीएस (नेशनल पेंशन स्कीम) में स्विच कर सकते हैं और वापस यूपीएस में स्विच नहीं कर सकते हैं।
वहीं, 30 सितम्बर तक विकल्प न बदलने वाले कर्मचारी इसके बाद कोई बदलाव नहीं कर सकते।
केंद्र सरकार के जिन कर्मचारियों और अधिकारियों को एनपीएस (नेशनल पेंशन स्कीम) के बजाय यूपीएस (यूनिफाइड पेंशन स्कीम) सिलेक्ट करना है। उन्हें 30 सितंबर तक यह काम पूरा करना होगा। केंद्रीय वित्त मंत्रालय के निर्देश के बाद एमपी में काम कर रहे केंद्रीय कर्मचारियों को इसके लिए विकल्प चयन करने को कहा गया है।
एनपीएस के लिए पात्र वर्तमान कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों से कहा गया है कि वे किसी भी कठिनाई से बचने और अपने अनुरोध का समय पर समाधान कराने के लिए समय सीमा से पहले ही अपना विकल्प चुन लें। जो कर्मचारी एनपीएस में बने रहना चाहते हैं, वे 30 सितंबर के बाद यूपीएस नहीं चुन सकते।
इसके अलावा केंद्र सरकार के उन कर्मचारियों के लिए एकमुश्त, एकतरफा स्विच सुविधा शुरू की गई है, जिन्होंने पहले ही यूपीएस का विकल्प चुना है, जिससे उन्हें शर्तों के तहत राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) में वापस लौटने की अनुमति मिलती है।
इन शर्तों पर लौट सकेंगे एनपीएस में
1- यूपीएस के तहत पात्र कर्मचारी केवल एक बार एनपीएस में स्विच कर सकते हैं और वापस यूपीएस में स्विच नहीं कर सकते।
2- स्विच विकल्प का प्रयोग सेवानिवृत्ति से कम से कम एक साल पहले या स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति से तीन महीने पहले किया जाना चाहिए।
3- दंड के रूप में निष्कासन, बर्खास्तगी या अनिवार्य सेवानिवृत्ति के मामलों में या जहां अनुशासनात्मक कार्यवाही चल रही हो या विचाराधीन हो, वहां स्विच सुविधा की अनुमति नहीं दी जाएगी।
4- जो लोग तय समय के भीतर स्विच का विकल्प नहीं चुनते हैं, वे डिफॉल्ट रूप से यूपीएस के तहत ही बने रहेंगे।
5- जो कर्मचारी एनपीएस में बने रहना चुनते हैं, वे 30 सितंबर 2025 के बाद यूपीएस का विकल्प नहीं चुन सकते।
यूपीएस चुनकर कर्मचारी बाद में एनपीएस में स्विच करने का विकल्प बरकरार रख सकते हैं।




