जिले की सभी ग्राम पंचायतों तथा निकायों में मेरी माटी-मेरा देश अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित।
विद्यालयों में की गई शिलाफलकम की स्थापना। पंच प्राण की शपथ के साथ किया वीरों वंदन तथा पौधरोपण।
रायसेन/-जिले में बीते दिन बुधवार 09 अगस्त 2023 को
आजादी का अमृत महोत्सव के तहत आज सम्पूर्ण जिले में मेरी माटी-मेरा देश अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत 09 अगस्त से 15 अगस्त तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। सिलवानी जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत रोंसरा घाटी में विधायक रामपाल सिंह द्वारा मेरी माटी-मेरा देश अभियान का शुभारंभ किया गया।
विधायक सिंह ने कहा कि मेरी माटी-मेरा देश सरकार का एक महत्वपूर्ण अभियान है। इस अद्भुत गतिविधि से पूरे प्रदेश में देशभक्ति की भावना का संचार होगा। यह एक तरह से भारत माता की आराधना और पूजा है। कार्यक्रम में शासकीय विद्यालय परिसर में शिलाफलकम (स्मारक) की स्थापना की तथा पंच प्रण की शपथ ली गई। वसुधा वंदन तथा वीरों का वंदन किया गया। इसके उपरांत राष्ट्रध्वज फहराया गया तथा राष्ट्रगान का गायन किया गया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष तरूवर सिंह राजपूत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
जिले की सभी ग्राम पंचायतों और निकायों में आयोजित किए गए कार्यक्रम। मेरी माटी-मेरा अभियान के तहत जिले के सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में स्थित विद्यालय परिसर में शिलाफलकम (स्मारक) की स्थापना की गई। इसके पश्चात पंच प्रण के अंतर्गत भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने गुलामी की मानसिकता से मुक्ति देश की समृद्ध विरासत पर गर्व, एकता को सुदृढ़ करने देश की रक्षा करने वालों का सम्मान करने और नागरिक होने का कर्तव्य निभाने की शपथ ली गई। इसी प्रकार वसुधा वंदन के अंतर्गत अमृत सरोवरों अथवा विद्यालयों तथा उपयुक्त सार्वजनिक स्थानों के आसपास 75-75 पौधे लगाए गए। अभियान के तहत कर्तव्य पर रहते हुए अपने जीवन का बलिदान देने वाले स्थानीय वीरों स्वतंत्रता सेनानियों सेवानिवृत्त रक्षा अर्धसैनिक बल और राज्य पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया। इसके उपरांत राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा राष्ट्रगान का गायन किया गया।
राजेश साहू ब्यूरो चीफ
इंडिया खबर 24 न्यूज़/रायसेन/ सिलवानी।





