जबलपुर,
कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन ने आज गुरूवार को आयोजित बैठक में शहर में स्मार्ट सिटी द्वारा संचालित विभिन्न
परियोजनाओं की समीक्षा की । स्मार्ट सिटी कार्यालय में सम्पन्न हुई इस बैठक में नगर निगम आयुक्त स्वप्निल वानखड़े एवं
स्मार्ट सिटी के सीईओ चंद्रप्रताप गोहल भी मौजूद थे।

बैठक में सीईओ स्मार्ट सिटी द्वारा बायो सीएनजी संयंत्र की स्थापना, कल्चरल इन्फार्मेशन सेंटर, आई टी पार्क सड़क
निर्माण कार्य, राइट टाउन स्टेडियम में तैयार हो रहे फुटबाल ग्राउंड एवं सिन्थेटिक ट्रेक का निर्माण, मल्टी स्पोर्ट्स काम्पलेक्स
फेस-2 एवं थ्री-डी जीआईएस परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रजेन्टेशन के माध्यम से प्रस्तुत की गयी।
कलेक्टर श्री सुमन ने सभी परियोजनाओं में सितम्बर माह तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश स्मार्ट सिटी के अधिकारियों
एवं कांट्रेक्टर्स को दिये । बैठक में भारत सरकार के भारतीय खाद्य संस्था एवं मानक प्राधिकरण विभाग द्वारा चलाये जा रहे ईट
राइट इंडिया चैलेंज अभियान की भी समीक्षा की गयी, जिसमें जबलपुर को अभियान में दिये गये विभिन्न घटकों के लक्ष्यों को
समय सीमा में सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने के लिये निर्देशित किया गया। इस अभियान में जिला शिक्षा अधिकारी,
नगर निगम, स्मार्ट सिटी, स्वास्थ्य विभाग को उनसे संबंधित घटकों पर सभी मानकों अनुसार कार्य विभाजन कर क्रियान्वयन
करने के लिये निर्देश प्रदान किये।

कलेक्टर श्री सुमन द्वारा स्मार्ट सिटी जबलपुर एवं कृषि-उद्यानिकी विभाग के साथ मिलकर जबलपुर में मोटे अनाजों के
उपज और उपयोग के प्रति आम नागरिकों में जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से मिलेट मेला आयोजित करने भी निर्देशित
किया है।


