
कोरबा / छत्तीसगढ़
कोरबा/कटघोरा 12 दिसंबर 2022 : युवा कांग्रेस ने अब नए सिरे से यूथ जोड़ो-बूथ जोड़ो की मुहिम शुरू की है, ताकि अधिक से अधिक युवा कांग्रेस से जुड़े और फायदा आगामी विधानसभा चुनाव में मिल सके। यूथ जोड़ो-बूथ जोड़ो की मुहिम को अंजाम तक पहुंचाने के लिए प्रदेश से लेकर शहर ग्रामीण के युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके लिए विधानसभावार प्रभारी बनाए गए हैं। ऐसे में कांग्रेस पार्टी ज्यादा से ज्यादा युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए यूथ जोड़ो-बूथ जोड़ो कार्यक्रम चला रही है। जिससे जिला स्तर पर कांग्रेस पार्टी संगठन को मजबूत किया जा सके
कटघोरा नगर में आज युवक कांग्रेस की छत्तीसगढ़ प्रदेश सहप्रभारी प्रियंका सरासर अपने एक दिवसीय प्रवास पर पहुंची जहां कोरबा युवा कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष विकास सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवक कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका कटघोरा नगर के शहीद वीर नारायण चौक पर भव्य स्वागत किया गया। प्रदेश सहप्रभारी प्रियंका सरासर स्वागत कार्यक्रम से अभिभूत होकर युंका पदाधिकारियों के साथ पदयात्रा कर कटघोरा के सांस्कृतिक भवन तक पहुंची।
सांस्कृतिक भवन में कोरबा जिले के सभी तीनो विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, ब्लॉक पदाधिकारी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि बतौर प्रदेश सहप्रभारी प्रियंका सरासर ने सभी युंका पदाधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि अब समय गुटबाज़ी का नही है। वे जान रही है कि पार्टी में गुटबाज़ी सभी जगह विद्यमान है। लेकिन अब समय गुटबाज़ी में नही बल्कि सब भूलकर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव पर ध्यान केंद्रित करना है। इसलिए युवक काँग्रेस ने यूथ जोड़ो, बूथ जोड़ो अभियान चला रही है जिसका आगाज़ आज कटघोरा से किया जा रहा है। सभी को एकजुट होकर आगामी विधानसभा की तैयारी में जुट जाना है। जिससे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार स्थापित किया जा सके।
प्रदेश सहप्रभारी प्रियंका सरासर ने कहा यूथ जोड़ो बूथ जोड़ो कार्यक्रम मुख्य मकसद आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी को जीत दिलाने में युवा कांग्रेस में अपनी अहम भूमिका निभा सके। एक बूथ पर 10 युथ जोड़कर प्रत्येक विधानसभा में युवा कांग्रेस अपने संगठन को और मजबूत करने का काम करेगी। कोरबा युवक कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष विकास सिंह ने कहा जो युवा मोदी के जुमला के जाल में फंसे वो अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं वही अब युवा बीजेपी को उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस युवाओ को जागरूक करेगी और बीजेपी के गलत नीतियों के कारण बेरोजगारी, महंगाई आदि बड़ी है, देश की अर्थव्यवस्था चौपट कर दी है। यूथ जोड़ो बूथ जोड़ो कार्यक्रम निचले पायदान तक जाएगी और युवाओं को बूथ स्तर तक जोड़ेंगे और संगठन को मजबूत करेंगे।
यूथ जोड़ो, बूथ जोड़ो के पोस्टर का हुआ विमोचन
छत्तीसगढ़ युवक कांग्रेस की प्रदेश सहप्रभारी प्रियंका सरासर के आतिथ्य में सभी कोरबा युवक कांग्रेस पदाधिकारियों की उपस्थिति में यूथ जोड़ो बूथ जोड़ो के पोस्टर का विमोचन किया गया। प्रदेश सहप्रभारी प्रियंका सरासर पोस्टर का विमोचन करते हुए युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि अब यूथ जोड़ो बूथ जोड़ो का आगाज़ आज कटघोरा नगर से हो रहा हैं। सभी को अब युद्धस्तर पर कांग्रेस पार्टी के कार्य पर भीड़ जाना है ताकि अगली सरकार फिर से काँग्रेस की सरकार हो।
आज कटघोरा नगर में आयोजित छत्तीसगढ़ युवक कांग्रेस सहप्रभारी प्रियंका सरासर द्वारा ली गई अहम बैठक में प्रदेश सचिव आकाश शर्मा, कोरबा युवक कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष विकास सिंह, रामपुर विधानसभा क्षेत्र उपाध्यक्ष राघव साहू , अब्दुल सुभान, उपाध्यक्ष शरीफुन निशा खान, रामपुर विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस मीडिया प्रभारी अशोक कुमार श्रीवास,तथा बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इंडिया खबर 24 के सहयोगी कैमरामैन चित्रलेखा श्रीवास के साथ बिलासपुर संभागीय ब्यूरो चीफ अशोक कुमार श्रीवास की खास रिपोर्ट


