pub-1657030687483830

सोहागपुर गढ़ी बाजार में प्राचीन शिव मंदिर और बावड़ी का ढांचा गिराने का आरोप, शिवलिंग भी गायब

Posted on

November 13, 2026

by india Khabar 24

शहडोल। जिले के सोहागपुर नगर स्थित वार्ड क्रमांक 05 के गढ़ी बाजार में एक प्राचीन धार्मिक स्थल को नुकसान पहुँचाने का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासियों ने अज्ञात लोगों पर प्राचीन बावड़ी और शिव मंदिर के ढांचे को गिराकर जमीन समतल करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना के बाद से मंदिर में स्थापित शिवलिंग भी गायब बताया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों में गहरा आक्रोश है।

दीपावली की छुट्टियों का उठाया फायदा

वार्डवासियों के अनुसार, लालमन गुप्ता के घर के पास स्थित यह स्थल खसरा क्रमांक 752 की शासकीय नजूल भूमि है। राजस्व अभिलेखों में यहाँ मंदिर और प्राचीन बावड़ी (कुआं) दर्ज है। इसके अलावा, नवयुवक गणेश उत्सव समिति द्वारा पिछले लगभग 46 वर्षों से इसी स्थान पर गणेश प्रतिमा स्थापित की जाती रही है। लोगों का आरोप है कि दीपावली की छुट्टियों के दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने इस प्राचीन ढांचे को गिरा दिया और मलबा हटाकर जमीन को समतल कर दिया।

पुलिस और डायल 112 को दी गई सूचना

घटना की जानकारी मिलने पर 9 नवंबर 2026 को सोहागपुर थाना और डायल 112 को सूचित किया गया। मौके पर पहुँची पुलिस की मौजूदगी में उखड़े हुए पिलरों को दोबारा गड़वाकर सीमांकन करने और मंदिर के पुनर्निर्माण का आश्वासन दिया गया था। पुलिस ने गायब शिवलिंग को तलाश कर वापस लाने की बात भी कही थी। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

नजूल भूमि पर अतिक्रमण का आरोप और कलेक्टर को ज्ञापन

वार्डवासियों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों द्वारा नजूल भूमि और मंदिर के बगल से गुजरने वाले आम रास्ते पर धीरे-धीरे कब्जा कर आवागमन बाधित कर दिया गया है। इस संबंध में पूर्व में भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

इस पूरे मामले को लेकर वार्डवासियों ने 10 नवंबर 2026 को शहडोल कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्र का सामाजिक और धार्मिक सौहार्द बिगड़ सकता है।

वार्डवासियों की प्रमुख मांगें:

• प्राचीन मंदिर और बावड़ी को नुकसान पहुँचाने वाले दोषियों की पहचान कर उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

• धार्मिक स्थल की पूर्ववत पुनर्स्थापना कराई जाए।

• गायब हुए शिवलिंग की जल्द से जल्द तलाश की जाए।

• नजूल भूमि और आम रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए।

 

Posted on

November 13, 2026

by india Khabar 24

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]
Scroll to Top