सिहोरा/मझगवां।
जबलपुर जिले के मझगवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली नुंजा कॉलोनी में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ 21 वर्षीय युवक गणेश वंशकार की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने युवक को पहले बातचीत के बहाने श्मशानघाट के पास बुलाया और फिर घेरकर वारदात को अंजाम दिया।
जबलपुर जिले के मझगवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली नुंजा कॉलोनी में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ 21 वर्षीय युवक गणेश वंशकार की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने युवक को पहले बातचीत के बहाने श्मशानघाट के पास बुलाया और फिर घेरकर वारदात को अंजाम दिया।
घेराबंदी कर पीठ और जांघ पर किए ताबड़तोड़ वार
मृतक के बड़े भाई गोलू वंशकार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, मुख्य आरोपी साहिल चौधरी शनिवार रात करीब 9:00 से 9:30 बजे के बीच गणेश को किसी बात पर चर्चा करने के बहाने श्मशानघाट के पास ले गया था। वहाँ साहिल के 2-3 साथी पहले से घात लगाकर बैठे थे।
बातचीत के दौरान साहिल ने गणेश के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब गणेश ने इसका विरोध किया, तो साहिल के साथियों ने उसे दबोच लिया। इसी बीच साहिल ने धारदार चाकू निकालकर गणेश की पीठ और जांघ पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमले में अत्यधिक खून बह जाने के कारण गणेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि आरोपी घटना के बाद फरार हो गए।
एक साल पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
स्थानीय सूत्रों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी वारदात एक साल पुराने पारिवारिक विवाद का नतीजा है। बताया जा रहा है कि मृतक गणेश का बड़ा भाई जितेंद्र करीब एक साल पहले आरोपी साहिल चौधरी की बहन को भगाकर ले गया था। इसी बात को लेकर चौधरी और वंशकार परिवार के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही थी। इसी दुश्मनी का बदला लेने के लिए साहिल ने इस खूनी खेल को अंजाम दिया।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
वारदात के बाद क्षेत्र में भारी तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने मझगवां पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना की सूचना देने के करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मझगवां पुलिस से पहले सिहोरा पुलिस बल घटनास्थल पर राहत और सुरक्षा के लिए पहुँच चुका था।
कार्रवाई जारी
मझगवां थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपी साहिल चौधरी व उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
Views: 321





