शहडोल। नगर के गुरु नानक चौक मटकी फोड़ आयोजन समिति द्वारा इस वर्ष भी श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विगत 22 वर्षों से लगातार इस गरिमामय परंपरा का निर्वहन कर रही समिति ने इस बार भी आयोजन को ऐतिहासिक रूप दिया।
40 फीट पर अटकी रही 14 लाख की मटकी
इस वर्ष समिति द्वारा मैदान में 40 फीट ऊंची मटकी बांधी गई थी, जिसकी इनामी राशि बढ़ते-बढ़ते 14 लाख रुपये तक पहुंच गई। इस भारी-भरकम राशि और चुनौती को पार करने के लिए कई टोलियों ने जोर आजमाइश की, लेकिन शहडोल या आसपास के क्षेत्रों की कोई भी टीम इस 40 फीट ऊंची मटकी को फोड़ने में सफल नहीं हो सकी।
इसके बाद समिति ने निर्णय बदलते हुए मटकी की ऊंचाई घटाकर 20 फीट की और 31,000 रुपये के इनाम की घोषणा की। इस रोमांचक मुकाबले में चचाई की टीम ‘बजरंग 11’ ने सफलता का परचम लहराया और मटकी फोड़कर इनामी राशि अपने नाम कर ली।
रात्रि 12:00 बजे कटा केक, गूंजा जन्मोत्सव का उल्लास भजन संध्या और बच्चों की प्रतियोगिता रही आकर्षण का केंद्र
मुख्य प्रतियोगिता से पहले कार्यक्रम की शुरुआत बेहद भव्य रूप से हुई। सबसे पहले भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसने पूरे माहौल को भक्तिमय कर दिया। इसके बाद छोटे बच्चों के लिए जमीन पर रखकर मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें नन्हे-मुन्नों के उत्साह ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम के दौरान जैसे ही घड़ी की सुइयों ने रात के 12:00 बजाए, पूरा प्रांगण भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के उल्लास और हाथी-घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गूंज उठा। आसमान में आतिशबाजी की शानदार रोशनी के बीच, राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों से केक कटवाकर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बेहद हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
दिखा सर्व धर्म समभाव और राजनीतिक एकजुटता
इस धार्मिक आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि यहाँ सर्वधर्म समभाव और राजनीतिक एकजुटता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। सभी राजनीतिक दलों के नेताओं और विभिन्न समाजों के लोगों ने एक मत होकर इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। आयोजन में विधायक मनीष सिंह भाजपा जिला अध्यक्ष अमित चपरा, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष कमल प्रताप सिंह ,कांग्रेस जिला अध्यक्ष अजय अवस्थी सहित अन्य पार्टियों के पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता मंच पर एक साथ नजर आए।
इन्होंने जताया आभार, बांटे गए उपहार
सफल आयोजन पर समिति के अध्यक्ष आकाश साहू लकी, सोनू साहू, बबलू कटारे, अभय कनकने, पममू निगम, अमन रिछारिया, श्रीचंद साहू बुल्ला, रमेश सिंह, शशांक गुप्ता, यश रिछारिया ,अनमोल सोनी, सोनू खान,आदि ने सभी अतिथियों, दर्शकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को रोहित मोबाइल, हर्षित मोबाइल, आकाश मोबाइल और काका मोबाइल के सौजन्य से मोबाइल और आकर्षक गिफ्ट हैंपर वितरित किए गए।
पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का भारी सहयोग रहा, जिसके चलते यह विशाल आयोजन शांतिपूर्ण और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
शहडोल से सत्येन्द्र सोनी



