बेलखेड़ा / शहपुरा (जबलपुर)
जबलपुर जिले की शहपुरा तहसील के ग्राम हिनोतिया में गरीबों के राशन पर डाका डालने का एक बड़ा मामला सामने आया है। जिला कलेक्टर के सख्त आदेश के बाद खाद्य विभाग की जांच में हिनोतिया की शासकीय उचित मूल्य दुकान (कोड: 3314046) में भारी हेराफेरी पकड़ी गई है। इस मामले में बेलखेड़ा पुलिस ने दुकान के विक्रेता कृष्ण कुमार ठाकुर उर्फ कृष्णा ठाकुर और कर्मचारी राजकुमार परसवार के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है।
डिजिटल जालसाजी से हड़पा 4.50 लाख का राशन
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मदन सिंह रघुवंशी द्वारा कराई गई जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने अगस्त महीने में हितग्राहियों के बायोमेट्रिक (अंगूठे के निशान) और ओटीपी (OTP) ले लिए। पीओएस (POS) मशीन में राशन का वितरण तो ऑनलाइन दर्ज कर दिया गया, लेकिन वास्तव में गरीब ग्रामीणों को अनाज की एक खेप भी नहीं दी गई। इसके अलावा, हितग्राहियों से शासन द्वारा तय दरों से अधिक पैसे भी वसूले जा रहे थे।
भौतिक सत्यापन में खुली पोल, स्टॉक से गायब मिला अनाज
जब खाद्य विभाग की टीम ने जुलाई और अगस्त 2026 के ऑनलाइन स्टॉक का दुकान में रखे फिजिकल स्टॉक से मिलान किया, तो भारी अंतर देखने को मिला। दुकान से लगभग 4,50,000 रुपये की कीमत का सरकारी राशन गायब था, जिसमें शामिल है:
-
- गेहूं: 116.23 क्विंटल गायब
- चावल: 23.33 क्विंटल गायब
- नमक: 7.81 क्विंटल गायब
- शक्कर: 0.08 क्विंटल गायब
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी शहपुरा की लिखित शिकायत पर बेलखेड़ा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 व 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। यह कृत्य मध्यप्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2015 का खुला उल्लंघन है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
Post Views: 179

