शहडोल – शहर की प्रमुख सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशा जितेंद्र भंडारी ने गुरुवार को विभिन्न मार्गों का मैदानी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की स्थिति, निर्माण कार्य की प्रगति एवं नागरिकों की समस्याओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीएमओ ने इंदिरा चौक से सिंहपुर रोड स्थित पोन्डा नाला तक सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढों एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों की स्थिति देखी। उन्होंने उपयंत्री शरद द्विवेदी को निर्देश दिए कि दो दिवस के भीतर गड्ढों का भराव एवं आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा कराया जाए, ताकि वाहन चालकों एवं राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके बाद सीएमओ ने इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड तक निर्माणाधीन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी रोड का एक किलोमीटर से अधिक दूरी तक पैदल चलकर निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क निर्माण की प्रगति की जानकारी ली तथा निर्माण कार्य में बाधक बन रहे विद्युत पोलों की शिफ्टिंग का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को दिए। उन्होंने कहा कि पोल शिफ्टिंग का कार्य पूरा होते ही सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि मार्ग का निर्माण शीघ्र पूरा कर नागरिकों के लिए आवागमन सुगम बनाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने सड़क किनारे दुकानों एवं मकानों के सामने पड़े निर्माण मलबे को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान नागरिकों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यकतानुसार डायवर्सन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों ने सीएमओ को सड़क निर्माण एवं आवागमन से संबंधित विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। सीएमओ ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए तथा समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशा जितेंद्र भंडारी ने सभी उपयंत्रियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य के दौरान वे नियमित रूप से मौके पर उपस्थित रहकर कार्य की प्रगति की निगरानी करें। उन्होंने ठेकेदारों को निर्देश दिए कि निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में अनावश्यक विलंब न किया जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उपयंत्री एस.एस. तोमर, पुनीत त्रिपाठी, शरद द्विवेदी, अरुण तिवारी, विद्युत विभाग से रंजीत खैरवार सहित संबंधित ठेकेदार, व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
शहडोल से सत्येन्द्र सोनी

