छिन्दवाड़ा। सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों से गंभीर रूप से बीमार एवं आर्थिक रूप से कमजोर 5 मरीजों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपनी स्वेच्छानुदान निधि से 2 लाख 30 हजार की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। विदित हो कि गत दिनों ही सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों से 4 मरीजों को 2 लाख 30 हजार की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत हुई थी। वर्तमान में 5 मरीजों को 2 लाख 30 हजार की आर्थिक सहायता राषि मिलने से नागपुर और छिन्दवाड़ा के अस्पतालों में भर्ती आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पांचों गंभीर मरीजों का बेहतर इलाज हो सकेगा।
उल्लेखनीय है कि विगत दिनों गंभीर रूप से बीमार मरीजों के परिजनों ने सांसद बंटी विवेक साहू से मुलाकात कर अपनी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कहते हुए बीमारी के लिए आर्थिक सहायता राशि दिलाने की गुहार लगाई थी। जिसे गंभीरता से लेते हुए सांसद श्री साहू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र प्रेषित कर पांचों मरीजों की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराने का निवेदन किया था। जिस आधार पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चौरई के ग्राम खुट पिपरिया निवासी पवन पिता केवलराम वर्मा को 40 हजार, छिंदवाड़ा निवासी कुमारी पल्लवी पिता राजेश साहू को 65 हजार एवं नजरपुर निवासी विकास पिता शनिलाल यादव को 35 हजार की राशि स्वीकृत की है, इन तीनों मरीजों का छिंदवाड़ा के अस्पतालों में इलाज हो सकेगा वही जमकुंडा निवासी कुमारी सावित्री पिता आकाश सोनवंशी को 60 हजार एवं चौरई के ग्राम करलई निवासी जयसिंग पिता प्रेमसिंग बंजारा को 30 हजार की राशि स्वीकृत की है, इन दोनों मरीजों का नागपुर के अस्पतालों में इलाज हो सकेगा।
गौरतलब है कि सांसद बंटी विवेक साहू से उनके सांसद कार्यालय एवं जिले के प्रवास के दौरान कई लोगों द्वारा आर्थिक सहायता राशि दिलाने के लिए निवेदन किया जा रहा है। जिसके आधार पर सांसद श्री साहू द्वारा भी आवेदनों पर तत्काल ही गंभीरता दिखाते हुए लोगों की हर संभव मदद की जा रही है। सांसद श्री साहू के निवेदन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भी सीएम हाउस और मंत्रालय भोपाल भेजे जा रहे आवेदनों पर तत्काल ही कार्यवाही करते हुए आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की जा रही है। सांसद के प्रयासों से सहायता राशि मिलने पर बीमारी से पीड़ित मरीजों का छिंदवाड़ा सहित महानगरों के अस्पतालों में बेहतर इलाज हो रहा है। आर्थिक सहायता मिलने पर मरीजों और उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सांसद बंटी विवेक साहू का आभार व्यक्त किया है।



