राजेश साहू /रायसेन।
रायसेन, 01 मई 2026
नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपक्रम मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी के अतिरिक्त प्रबंध संचालक श्री दिव्यांक सिंह द्वारा एशियन डेवलपमेंट बैंक सहायता प्राप्त रायसेन जिले की सांची जल प्रदाय परियोजना एवं सीवरेज परियोजना के कार्यों का स्थल निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान श्री सिंह ने जल प्रदाय परियोजना की डिज़ाइन का विस्तारपूर्वक अवलोकन करते हुए इसके विभिन्न घटकों का सूक्ष्म परीक्षण किया। उन्होंने परियोजना के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, तकनीकी मानकों के पालन एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में उन्होंने सीवरेज परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के स्थल का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि दोनों परियोजनाएँ क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी, अतः इनके कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इस अवसर पर कम्पनी के प्रमुख अभियंता श्री आनंद सिंह, परियोजना प्रबंधक श्री सुबोध जैन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, स्थानीय निकाय के जनप्रतिनिधि, संविदाकार के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



