
लखन भाण्डे, जिला ब्यूरो
मण्डला- आज योजना भवन, मंडला में पुलिस अधीक्षक मंडला श्री रजत सकलेचा के नेतृत्व में मंडला पुलिस एवं CARD NGO के संयुक्त तत्वावधान में “महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना” के अंतर्गत महिला सुरक्षा एवं जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला श्री शिव कुमार वर्मा द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मंडला जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों कान्हा नेशनल पार्क, मंडला शहर स्थित नर्मदा घाट, माहिष्मति घाट एवं सहस्त्रधारा जैसे स्थानों पर महिला सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान बताया गया कि पर्यटन स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा पुलिस की नियमित उपस्थिति जैसी व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक मंडला श्री रजत सकलेचा ने कहा कि सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए जागरूकता अभियानों का निरंतर दोहराव आवश्यक होता है। उन्होंने बताया कि जब विदेशी अथवा अन्य राज्यों से आने वाले पर्यटक किसी क्षेत्र में आते हैं तो पुलिस, अन्य विभाग एवं स्थानीय नागरिकों का सहयोगपूर्ण व्यवहार उन्हें सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण प्रदान करता है।
उन्होंने शासन के सहयोग से संचालित होने वाली “शक्ति कैफे” पहल की जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल स्थानीय महिलाओं को रोजगार एवं आत्मनिर्भरता प्रदान करने में सहायक होगी।
परियोजना के संकुल समन्वयक द्वारा बताया गया कि मंडला एवं कान्हा क्षेत्र में संचालित इस परियोजना के तहत अब तक लगभग 200 महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण तथा लगभग 1600 छात्राओं और महिलाओं को आत्मरक्षा एवं सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। यह परियोजना निर्भया फंड, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग के सहयोग से संचालित की जा रही है। साथ ही पर्यटन स्थलों पर गाइड एवं वाहन चालकों को प्रशिक्षित कर पर्यटकों के लिए सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण तैयार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए गए।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग, पर्यटन विभाग, वन विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





