ब्रज की होली का उल्लास बढ़ा रहे हैं दूर-दराज से आए श्रद्धालु

मथुरा । कान्हा की नगरी में रंगों का त्यौहार होली का आनन्द लेने देश के सुदूर प्रांतों से यहां आने वाले लोगों का तांता लगा हुआ है। मथुरा जंक्शन, छावनी रेलवे स्टेशन, नए व पुराने बस स्टैण्डों पर होली का आनन्द लेने आने वालों के झुंड सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं। भगवान कृष्ण की होली को देखने के लिए अटूट श्रद्धा के साथ भक्तों का उमड़ रहा सैलाब ही ब्रजभूमि के स्वरुप को विख्यात करने वाला साबित हो रहा है। यहां बड़ी संख्या में देश के विभिन्न प्रांतों में रहने वाले लोग होली का उल्लास देखने को ब्रज भूमि में उमड़ते रहे हैं । वृन्दावन के विभिन्न आश्रमों में चल रहे होली के आयोजनों में झूमते श्रद्धालु होली का उल्लास बढ़ाते दिखाई दे रहे हैं वृन्दावन के साथ-साथ बरसाना, राधाकुंड, नंदगांव, कोसी के जाव, फालैन, मथुरा के द्वारिकानाथ, श्रीकृष्ण जन्मस्थान, महावन के रमणरेती आश्रम के
साथ-साथ बलदेव के हुरंगे को लेकर श्रद्धालुओं का आकर्षण बना हुआ है। चहुंओर ब्रज में होली की उमंग में डूबे श्रद्धालु इस भूमि में अपने आप को रंग-गुलाल में
सराबोर कर अद्भुत आनन्द का अहसास कर रहे हैं। इससे विदेशी भक्त भी अछूते नहीं है। उनकी संख्या भी होली के इन आयोजनों में आध्यात्म के रस में सराबोर नजर आ रही है।




