रायसेन मध्यप्रदेश
रायसेन/- जिले में बीते दिन सोमवार 12 दिसम्बर 2022 को जहां पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर अरविंद दुबे द्वारा समय सीमा वाले विभागीय लंबित पत्रों सीएम हेल्पलाईन में लंबित शिकायतों तथा विभागीय गतिविधियों और कार्यप्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर दुबे ने विभागवार जिला अधिकारियों से सीएम हेल्पलाईन में लंबित प्रकरणों के निराकरण हेतु की जा रही कार्यवाही की जानकारी लेते हुए कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन के प्रत्येक लंबित प्रकरण पर ध्यान दें। प्रतिदिन निराकरण संबंधी कार्यवाही की समीक्षा करें तथा संतुष्टि के साथ निराकरण सुनिश्चित कराएं। कलेक्टर दुबे ने नवम्बर माह की लंबित शिकायतों तथा 50 दिवस की समयावधि से अधिक समय की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए आगामी 10 दिवस में प्राथमिकता के साथ संतुष्टिपूर्ण निराकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग स्वास्थ्य विभाग ऊर्जा विभाग नगरीय विकास एवं आवास विभाग सहित अन्य विभागों की सीएम हेल्पलाईन में अधिक संख्या में शिकायते लंबित होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नियमानुसार कार्यवाही कर जल्द से जल्द निराकरण कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर दुबे ने जिले में खाद वितरण की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों को व्यवस्थित तरीके से खाद का वितरण किया जाए। साथ ही निजी खाद विक्रेताओं की दुकानों तथा गोदामों का नियमित निरीक्षण करने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने नहरों के माध्यम से फसलों की सिंचाई के संबंध में जानकारी लेते हुए कहा कि अंतिम छोर के किसानों तक पानी पहुंचे। यह सुनिश्चित किया जाए। इनके अतिरिक्त कलेक्टर दुबे द्वारा पीएचई शिक्षा स्वास्थ्य जल संसाधन राजस्व कृषि सहित अन्य विभागों की विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की गई।
(वीसी के माध्यम से की मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान की समीक्षा)
कलेक्टर दुबे द्वारा वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से सभी एसडीएम जनपद सीईओ तथा सीएमओ सहित अन्य अधिकारियों को मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत हितलाभ वितरण के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने अभियान के तहत पात्रतानुसार स्वीकृत किए गए आयुष्मान कार्ड सहित अन्य योजनाओं के आवेदनों पर शीघ्र कार्यवाही कर हितलाभ वितरण की तैयारी पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर दुबे ने अनुभागवार जानकारी लेते हुए सात दिवस में सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए।
(संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत प्राप्त दावा-आपत्तियों का शीघ्र निराकरण कराएं)
बैठक सह वीडियो कॉफ्रेंस में उप जिला निर्वाचन अधिकारी मकसूद अहमद द्वारा सभी एसडीएम और तहसीलदारों को मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्राप्त दावा-आपत्तियों का शीघ्र निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि निरसन के फार्म में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए ही सूची से नाम हटाने की कार्यवाही की जाए। अहमद ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों से कहा कि नवीन मतदाताओं के आवेदन पत्र 16 दिसम्बर तक प्राप्त किए जा सकते हैं तथा इन आवेदनों को गरूण एप पर अपलोड कराना सुनिश्चित करें। बैठक में अपर कलेक्टर आदित्य रिछारिया जिला पंचायत सीईओ पीसी शर्मा सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे। साथ ही वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से सभी अनुभागों से एसडीएम तहसीलदार जनपद सीईओ सहित अन्य खण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
राजेश साहू ब्यूरो चीफ
इंडिया खबर 24 न्यूज़/रायसेन।



