
कोलकाता। राजनेताओं के भ्रष्टाचार का एक के बाद एक मामला सामने आता जा रहा है. चंद रोज पहले पश्चिम बंगाल की ममता सरकार में मंत्री रहे पार्थ चटर्जी की करीबी अर्पिता मुखर्जी के ठिकानों से 50 करोड़ से ज्यादा कैश मिला था, अब उसी पश्चिम बंगाल में झारखंड के तीन कांग्रेसी विधायकों के पास से भारी मात्रा में पुलिस ने कैश बरामद किया है. आलम यह रहा कि नोट गिनने के लिए मशीन मंगानी पड़ गई.
जानकारी के अनुसार, झारखंड कांग्रेस के तीन विधायक इरफान अंसारी, नमन विक्सल कोंगाड़ी और राजेश कच्छप एक ही गाड़ी में सवार होकर पूर्व मिदनापुर जा रहे थे. इस दौरान शनिवार देर शाम ग्रामीण हावड़ा पुलिस ने पांचला थाना अंतर्गत रानीहाटी मोड़ के पास रोककर गाड़ी की तलाशी ली गयी. गाड़ी में भारी मात्रा में कैश बरामद किया गया. पुलिस की मानें तो बैंक अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है. काउंटिंग मशीन से नकदी की गिनती की जाएगी.

पुलिस अधीक्षक स्वाति भंगालिया घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं. उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर रानीहाटी मोड़ पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया था. इसी दौरान झारखंड के जामताड़ा से आ रही एक गाड़ी को रोका गया. गाड़ी पर चालक सहित पांच लोग सवार थे. इसमें झारखंड के तीन कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी, राजेश कच्छप एवं नमन विक्सल कोंगाड़ी शामिल थे. इस दौरान भारी मात्रा में कैश बरामद किया गया है. इन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है


