
नई दिल्ली
राष्ट्रपति कोविंद का विदाई समारोह, संसद के सेंट्रल हॉल में पीएम मोदी समेत कई गणमान्य मौजूद
निवर्तमान राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को संसद की ओर से विदाई दी जा रही है. राज्यसभा और लोकसभा दोनों सदनों के द्वारा संयुक्त रूप से विदाई समारोह का आयोजन किया गया है. कार्यक्रम के लिए राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू, पीएम मोदी, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला समेत सभी वरिष्ठ संसद में मौजूद हैं. कार्यक्रम की शुरूआत में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का संबोधन हुआ और फिर उन्होंने राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को स्मृति चिन्ह भेंट किए.

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘राष्ट्रपति कोविंद जी के सम्मान में रात्रिभोज की मेजबानी की। द्रौपदी मुर्मू जी, वेंकैया जी और मंत्रियों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। जमीनी स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले कई व्यक्तियों, पद्म पुरस्कार विजेताओं, आदिवासी समुदाय के नेताओं और अन्य लोगों का रात्रिभोज में स्वागत करते हुए भी हमें खुशी हुई।’’ इस मौके पर उपराष्ट्रपति एम.वेंकैया नायडू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय कैबिनेट के सदस्य मौजूद रहे। रात्रिभोज में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी भी शामिल हुए।
रात्रिभोज में देश के लगभग सभी हिस्सों के गणमान्य व्यक्ति भी शामिल हुए, जिनमें कई आदिवासी नेता भी शामिल रहे.

पीएम मोदी ने निवर्तमान राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के लिए रात्रिभोज की मेजबानी की
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में निवर्तमान राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के लिए रात्रिभोज की मेजबानी की. रात्रिभोज में केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, कई पद्म पुरस्कार विजेता और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए. राष्ट्रपति चुनाव में निर्वाचित द्रौपदी मुर्मू भी कोविंद के विदाई रात्रिभोज में शामिल हुईं, जिनका कार्यकाल सोमवार को समाप्त हो रहा है.
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को को दी बधाई
अपने विदाई भाषण में, राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने अपनी उत्तराधिकारी द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी और उन्हें ‘प्रेरणादायक’ कहा. उन्होंने कहा कि उनकी जीत न केवल महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है बल्कि समाज में दलितों के लिए एक प्रेरणा भी है. उन्होंने आगे कहा कि उन्हें यकीन है कि वह देश को आगे ले जाने के लिए अपने विशिष्ट मूल्यों, अनुभव और विवेक का उपयोग करेंगी.
बता दें कि, राम नाथ कोविंद 2017 में भारत के 14वें राष्ट्रपति बने थे. राम नाथ कोविंद एनडीए के उम्मीदवार थे और उन्होंने यूपीए की उम्मीदवार व लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार को हराया था. राष्ट्रपति बनने से पहले वे बिहार के राज्यपाल और राज्यसभा में संसद सदस्य भी रहे थे.
“सभी सांसदों के लिए मेरे दिल में खास जगह”
निवर्तमान राष्ट्रपति ने कहा कि, “पांच साल पहले, मैंने यहां सेंट्रल हॉल में भारत के राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी. मेरे दिल में सभी सांसदों के लिए खास जगह है.” उन्होंने आजादी का अमृत महोत्सव, कोविड-19 के खिलाफ रिकॉर्ड टीकाकरण के लिए सरकार की सराहना भी की.





