
जबलपुर मध्यप्रदेश
जिले में दो चरणों में हो रहे नगरीय निकायों की निर्वाचन के तहत आज यहाँ कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी के वीसी कक्ष में निर्वाचन प्रेक्षक श्री उपेन्द्रनाथ शर्मा तथा जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी. की उपस्थिति में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों का प्रथम रेंडमाइजेशन सम्पन्न हुआ ।

जिला सूचना अधिकारी एनआईसी आशीष शुक्ला ने बताया कि रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया में नगर निगम जबलपुर के 79 वार्ड के 1 हजार 187 मतदान केंद्रों के लिए आवश्यक ईव्हीएम की कन्ट्रोल यूनिट एवं बेलट यूनिट तथा रिजर्व ईवीएम के साथ कुल 1 हजार 535 कन्ट्रोल यूनिट एवं 3 हजार 070 बेलट यूनिट आवंटित की गई। उन्होंने बताया कि नगर निगम जबलपुर के निर्वाचन में प्रत्येक मतदान केंद्र में एक कन्ट्रोल यूनिट एवं दो बेलट यूनिट रखी जायेगी । बेलट यूनिट में से एक महापौर के एवं एक पार्षद पद के लिये मतदान में इस्तेमाल की जायेगी ।

जिला सूचना अधिकारी एनआईसी ने बताया कि रेंडमाइजेशन की प्रकिया में नगरपालिका सिहोरा एवं पनागर तथा नगर परिषद बरेला, कटंगी, मझौली, पाटन, शहपुरा एवं भेड़ाघाट के निर्वाचन के लिये भी कन्ट्रोल यूनिट एवं बेलट यूनिट उपयुक्त रिज़र्व संख्या के साथ आवंटित की गई। प्रथम रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया में आज नगर निगम जबलपुर एवं जिले के शेष सभी निकायों को मिलाकर कुल 198 बॉक्स में रखी 1 हजार 939 कन्ट्रोल यूनिट तथा 351 बॉक्स में रखी 3 हजार 486 बेलट यूनिट का आबंटन किया गया ।
ज्ञात हो कि ईवीएम के प्रथम रेण्डमाईजेशन में कन्ट्रोल यूनिट एवं बेलट यूनिट के बाक्स विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कंप्यूटर रैंडम पद्धति से निकायों को आवंटित किए जाते है । ईव्हीएम के द्वितीय एवं अंतिम रेण्डमाईजेशन आर ओ एवं निकाय स्तर का होता है जिसमें पूर्व में आवंटित बॉक्स में से मतदान केंद्र हेतु बेलट व कन्ट्रोल यूनिट का सेट निर्धारित किया जाता है ।

नगरीय निकाय निर्वाचन के लिए उपयुक्त मात्रा में रिजर्व मशीन भी आवंटित की जाती हैं। आज सम्पन्न हुई ईव्हीएम की प्रथम रेण्डमाईजेशन की प्रकिया में उप जिला निर्वाचन अधिकारी नमः शिवाय अरजरिया, सभी रिटर्निंग अधिकारी एवं विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।



