*नरसिंहपुर में बस स्टैंड पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन, रेलवे स्टेशन से परशुराम चौराहे तक निकाली जागरूकता रैली*
*नरसिंहपुर।* टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नरसिंहपुर के एनसीसी कैडेट्स ने मंगलवार को नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता रैली के माध्यम से नागरिकों को क्षय रोग से बचाव और उपचार का संदेश दिया।
1 एमपी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल नितिन शर्मा एवं प्रशासनिक अधिकारी श्री शेरावत के निर्देश तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आरबी सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बस स्टैंड पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।
*नुक्कड़ नाटक से बताया टीबी के लक्षण और बचाव*
एनसीसी कैडेट्स ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया कि लगातार दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, रात में पसीना आना और वजन कम होना टीबी के संभावित लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय जांच कराने की अपील की गई।
कैडेट्स ने संदेश दिया कि टीबी का समय पर उपचार और दवाओं का नियमित सेवन करने से इस बीमारी को ठीक किया जा सकता है। साथ ही लोगों को स्वच्छता, संतुलित आहार और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
*नगर पालिका अध्यक्ष ने दिखाई हरी झंडी*
जागरूकता रैली नरसिंहपुर रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होकर मंडी मार्ग होते हुए परशुराम चौराहे तक निकाली गई। नगर पालिका अध्यक्ष नीरज दुबे ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने दुकानदारों और आम नागरिकों से संपर्क कर टीबी के लक्षण, जांच, बचाव एवं उपचार की जानकारी दी। साथ ही टीबी मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
*65 कैडेट्स ने लिया हिस्सा, 150 लोगों तक पहुंचाया संदेश*
नुक्कड़ नाटक की रूपरेखा अंडर ऑफिसर पूर्वी जाट ने तैयार की। आयोजन में एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट डॉ. राजेश कुमार ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम में छात्रा विंग प्रभारी डॉ. शिवानी, सीनियर अंडर ऑफिसर नेहा यादव, अंडर ऑफिसर पूर्वी जाट, अंडर ऑफिसर राधेश्याम, कैडेट नितेश कुशवाहा, मोहित सेन सहित लगभग 65 एनसीसी कैडेट्स ने सहभागिता की।
आयोजन के माध्यम से लगभग 150 नागरिकों तक टीबी से बचाव और उपचार का संदेश पहुंचाया गया।
*संदीप राजपूत, नरसिंहपुर*



