जिला न्यायालय भवन निर्माण की मांग पर अध्यक्ष मृगेन्द्र सिंह ने दिया भरोसा, पहली बैठक में मुद्दा उठाने का आश्वासन
बरगी से आशीष दुबे की रिपोर्ट / मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मृगेन्द्र सिंह के बरगी आगमन पर क्षेत्र के युवाओं, अधिवक्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भी पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया।
स्वागत समारोह के दौरान क्षेत्र के युवाओं एवं नागरिकों ने बरगी में जिला न्यायालय भवन निर्माण की लंबे समय से लंबित मांग को प्रमुखता से अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मृगेन्द्र सिंह के समक्ष रखा। नागरिकों ने कहा कि क्षेत्र में न्यायालय भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। न्यायिक सुविधाओं के विस्तार की दृष्टि से भवन निर्माण होने से बरगी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
क्षेत्रवासियों की मांग को गंभीरता से सुनते हुए अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मृगेन्द्र सिंह ने भरोसा दिलाया कि वे अपनी पहली ही बैठक में बरगी के जिला न्यायालय भवन निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण की दिशा में आवश्यक प्रयास किए जाएंगे और संबंधित स्तर पर इस विषय को मजबूती से रखा जाएगा।
अध्यक्ष के इस आश्वासन से क्षेत्र के नागरिकों एवं युवाओं में नई उम्मीद जगी है। उपस्थित लोगों ने कहा कि यदि बरगी में जिला न्यायालय भवन का निर्माण होता है तो इससे क्षेत्र में न्यायिक सुविधाएं मजबूत होंगी तथा लोगों को न्याय के लिए दूर जाने की परेशानी से काफी हद तक राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में बालकृष्ण अग्रवाल, ग्राम पंचायत बरगी सरपंच मंजू चौकसे, रविशंकर उपाध्याय, नारायण केवट, बम-बम तिवारी, विकास खन्ना, वीर सिंह पटेल, छोटे लाल केवट, धीरेंद्र साहू, छोटू अग्रवाल, पंकज परस्ते, शानू यादव, आरती साहू, गित्तू साहू, केशव साहू सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
क्षेत्रवासियों को अब उम्मीद है कि हाईकोर्ट अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष की पहल से बरगी में जिला न्यायालय भवन निर्माण की वर्षों पुरानी मांग को जल्द गति मिलेगी।




