(सुनने में असमर्थ लोगों के लिए टेक्स्ट-टू-स्पीच फीचर भी रहेगा)
भोपाल आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के लिए बड़ी सुविधा तैयार हो गई है। इलाज, अस्पताल, लिमिट और ट्रांजेक्शन की जानकारी अब मोबाइल पर ही मिलेगी। इसके लिए ‘Ask Ayushman’ नाम का नया चैटबॉट बनाया गया है। कल 3 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसे प्रशासन एकेडमी में लॉन्च करेंगे। यह चैटबॉट 24 घंटे काम करेगा।
इसके साथ ही कार्यक्रम में 70 साल से अधिक उम्र के 8 लाख बुर्जुगों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए जाएंगे। योजना के सीईओ डॉ. योगेश भरसट ने बताया कि इससे मरीजों को अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
अंगदान करने वाले 32 परिवारों का सम्मान…
भारतीय अंगदान दिवस पर रविवार को मुख्यमंत्री आर्गन डोनेशन करने वाले 32 परिवारों का सम्मान करेंगे। अंगदान पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन होगा। इसके साथ ही पीपीपी मोड पर 4 मेडिकल कॉलेज शुरू करने के लिए एमओयू साइन किया जाएगा। वहीं 70 साल की उम्र पार कर चुके आयुष्मान कार्ड धारियों को कार्ड भी वितरित किए जाएंगे।
अस्पताल जाने से पहले मिलेगी पूरी जानकारी
कितना इलाज हो चुका, पता चलेगा: गूगल मैप से अस्पताल तक का रास्ता भी मिलेगा। कार्डधारक यह भी देख सकेंगे कि अब तक कितना इलाज हो चुका है और कितनी लिमिट बची है।
हिंदी-अंग्रेजी भाषा में काम करेगा:
मरीजों को अस्पताल जाने से पहले ही इलाज से जुड़ी पूरी जानकारी देगा। चैटबॉट वॉट्सएप जैसे इंटरफेस पर चलेगा। हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में काम करेगा।
कहां कौन सा इलाज होता है पता चलेगा:
सुनने में असमर्थ लोगों के लिए टेक्स्ट-टू-स्पीच फीचर भी रहेगा। चैटबॉट बताएगा आसपास कौन-कौन से आयुष्मान अस्पताल हैं। कहां-कौन सा इलाज होता है।
डिजिटल वॉलेट भी
डिजिटल वॉलेट की सुविधा भी दी जाएगी। इसमें इलाज का पूरा लेनदेन का हिसाब मिलेगा। अब तक कितने रुपए खर्च हुए और कितनी राशि शेष है, यह भी पता चलेगा।



