
मंडला – मध्यप्रदेश
जिला स्तरीय अंतर महाविद्यालय महिला कबड्डी प्रतियोगिता हुई संपन्न
शासकीय कन्या महाविद्यालय मंडला में जिला स्तरीय अंतर महाविद्यालय महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता समापन रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला के प्राचार्य डॉ. राजेश चौरसिया के मुख्य आतिथ्य और शासकीय कन्या महाविद्यालय मंडला के प्राचार्य डॉ. शराद नारायण खरे की अध्यक्षता में हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल में रानी दुर्गावती गवर्नमेंट पीजी कॉलेज मंडला ने शासकीय महाविद्यालय नैनपुर को फाइनल मैच में 41 के मुकाबले 9 अंकों से हराकर विजेता होने का गौरव हासिल कर अपनी बादशाहत कायम रखी। इस इकतरफा मुकाबले में रानी दुर्गावती कॉलेज ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पूरे मैच में अपनी पकड़ बरकरार रखी। इस टीम ने विपक्षी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और लगातार अपनी बढ़त को मजबूत करते रहे। दोनों महाविद्यालय के प्राचार्यों ने विजेता टीम को बधाई एवं उपविजेता टीम को शुभकामनाएं दी। साथ ही उम्मीद जताई की संभागीय प्रतियोगिता में रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला की टीम शानदार प्रदर्शन करेगी।
रिपोर्ट – पूजा ज्योतिषी मण्डला


