जबलपुर। संस्कारीधानी का दिल कहे जाने वाले और शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक, मालवीय चौक पर बनी रोटरी इन दिनों बेहद खस्ताहाल स्थिति में है। देखरेख के अभाव में रोटरी की दीवारें कमजोर होकर टूट रही हैं और उनमें बड़ी-बड़ी दरारें आ चुकी हैं। वर्तमान स्थिति को देखकर ऐसा लग रहा है कि यदि जल्द ही इसकी मरम्मत नहीं की गई, तो यह रोटरी कुछ ही दिनों में पूरी तरह जमींदोज हो जाएगी।
जबलपुर को स्मार्ट सिटी का दर्जा मिला हुआ है और किसी भी विकसित शहर की पहचान उसके खूबसूरत और सुव्यवस्थित चौराहों से होती है। लेकिन मालवीय चौक जैसे प्रमुख केंद्र की यह दुर्दशा स्थानीय प्रशासन और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। रोटरी की इस बदहाली के कारण न केवल चौराहे की सुंदरता प्रभावित हो रही है, बल्कि व्यस्त यातायात के बीच इसके अचानक गिरने से किसी हादसे की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में इस स्थिति को लेकर काफी आक्रोश है और अब मालवीय चौक के सौंदर्यीकरण और रोटरी के पुनर्निर्माण की मांग तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि नगर निगम को बिना समय गंवाए इसकी सुध लेनी चाहिए। अगर समय रहते इसकी मरम्मत करा दी जाए, तो न केवल एक संभावित खतरा टल जाएगा बल्कि स्मार्ट सिटी जबलपुर के इस ऐतिहासिक चौक को एक नई और सुंदर पहचान भी मिल सकेगी।
Post Views: 247


