
जबलपुर मध्यप्रदेश
पुलिस कार्रवाई के विरोध में जूडा ने किया प्रदर्शन, डीन ने दिया आश्वासन
जबलपुर, डीन होने के नाते मैं बच्चों को परेशान नहीं देख सकती। मानती हूं कि उनसे गलती हुई, परंतु वे माफी मांग रहे हैं तो मैं उनके साथ हूं…। जूनियर डाक्टरों के विरोध प्रदर्शन के दौरान मेडिकल कालेज की डीन डा. गीता गुईन ने उक्त बातें कहीं। उन्होंने कहा कि जूनियर डाक्टर एसोसिएशन ने ज्ञापन सौंपा है। उनकी मांगों पर विचार किया जा रहा है। मांगें पूरी की जाएंगी। नगर निगम कर्मचारियों के साथ मारपीट के प्रकरण में जूनियर डाक्टरों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया है। बुधवार को जूनियर डाक्टरों ने डीन कार्यालय के समक्ष एकजुटता का प्रदर्शन किया। उन्होंने डीन को 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
जूडा की पीड़ा-
जूनियर डाक्टरों ने कहा कि कालेज प्रबंधन ने छात्रों का पक्ष नहीं सुना। पूछताछ के बहाने छात्रों को थाने बुलाकर धोखे से गिरफ्तारी के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए। गिरफ्तार किए गए छात्रों को बिना किसी अपराध के रात भर थाने में बैठाए रखा गया। कालेज की डीन, अधीक्षक, छात्रावास वार्डन ने छात्रों की परवाह नहीं की। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रावासों की हालत खराब है। तमाम छात्र जान जोखिम में डालकर जर्जर छात्रावासों में रहने के लिए मजबूर हैं।
यह है मामला-
डेंगू, मलेरिया की रोकथाम के लिए नगर निगम द्वारा कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है। गत दिवस कीटनाशक का छिड़काव करने के लिए निगम का अमला मेडिकल कालेज के छात्रावास पहुंचा था। जहां किसी बात को लेकर छात्रों से कहासुनी हो गई। निगम की टीम पर छात्रों ने हमला कर दिया था। नगर निगम की मलेरिया उन्मूलन टीम के ठेका कर्मचारी रोहित केवट, कुनाल त्रिलोकी ठाकुर, संदीप जाटव और भीम अग्रवाल घायल हो गए थे। भीम, कुनाल को अधिक चोटें आई थीं। घायलों की शिकायत पर गढ़ा पुलिस ने एफआइआर दर्ज की थी। आरोपित छात्रों को गिरफ्तार कर पुलिस ने नोटिस पर छोड़ दिया था।


