जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में 8 से 10 बदमाशों ने गढ़ा निवासी संस्कार जैन पर बेसबॉल बैट और नुकीली वस्तु से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रतीक ठाकुर समेत अन्य पर BNS की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब आधी रात को खुलेआम वसूली और जानलेवा हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला भेड़ाघाट थाना क्षेत्र का है, जहां शराब पीने के लिए पैसे न देने पर प्रतीक ठाकुर और उसके 8 से 10 साथियों ने एक युवक पर बेसबॉल बैट और नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। हमलावरों ने पीड़ित की कार में भी जमकर तोड़फोड़ की।
आधी रात के बाद रास्ते में घेरकर की वारदात गढ़ा थाना क्षेत्र निवासी पीड़ित संस्कार जैन द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 9 नवंबर की रात वह अपने दोस्तों अचिन्त्य झारिया, हिमांशु बघेला और विवेक चक्रवर्ती के साथ खाना खाने गए थे। 10 नवंबर की तड़के करीब 3 बजे जब वे आदिनाथ स्टील कंपनी गेट के पास खड़े अपने वाहन लेने पहुंचे, तभी सफेद बोलेरो और अन्य गाड़ियों से कुछ युवक वहां आ धमके।
शराब के लिए मांगे पैसे, मना करने पर बरसाए बैट शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रतीक ठाकुर ने संस्कार से शराब पीने के लिए रुपयों की मांग की। जब संस्कार ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर बदमाशों ने बेसबॉल बैट से कार के कांच चकनाचूर कर दिए और संस्कार के सिर पर बैट से जोरदार वार किया। इसी बीच एक अन्य आरोपी ने किसी नुकीली वस्तु से संस्कार के पैर पर हमला कर दिया, जिससे वे लहूलुहान हो गए। दोस्तों द्वारा बीच-बचाव करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
मेडिकल कॉलेज में इलाज के बाद दर्ज कराई FIR घायल अवस्था में संस्कार जैन को तत्काल इलाज के लिए नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्होंने भेड़ाघाट थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर क्रमांक 0453/2026 दर्ज की है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 118(1), 296(b), 3(5), 324(4), 351(2) और 119(1) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस की रात्रि गश्त और कार्रवाई पर उठ रहे सवाल तड़के 3 बजे मुख्य मार्ग के पास इस तरह की गुंडागर्दी और वसूली की कोशिश ने पुलिस की रात्रि गश्त की पोल खोल दी है। अब पीड़ित और स्थानीय लोगों की नजर भेड़ाघाट पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी कब तक करती है।



