शहडोल — भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज 12 नवंबर 2026 गुरुवार को शहडोल जिले की निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन किया गया। इस अवसर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मिनिषा भगवती पाण्डेय ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में वर्तमान में कुल 7 लाख 69 हजार 421 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 3 लाख 93 हजार 818 पुरुष, 3 लाख 75 हजार 591 महिला एवं 12 अन्य मतदाता शामिल हैं।
बैठक में निर्वाचन पर्यवेक्षक संजय खरे, निर्वाचन कार्यालय के अखिलेश श्रीवास्तव, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के विष्णु प्रताप सिंह एवं रानू सिंह तथा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के विनोद यादव सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अपर कलेक्टर ने बताया कि मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक पात्र नागरिकों से नाम जोड़ने, नाम में संशोधन एवं विलोपन के लिए आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित पात्र युवाओं को विशेष रूप से शामिल करने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
मतदाताओं की सुविधा के लिए 21 नवंबर, 22 नवंबर, 5 दिसंबर एवं 6 दिसंबर 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने एवं नाम विलोपन के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त निर्धारित अवधि में संबंधित मतदान केंद्रों के माध्यम से भी आवेदन जमा किए जा सकेंगे।
विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि 83-ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र में 373 मतदान केंद्रों पर कुल 2 लाख 71 हजार 147 मतदाता हैं। इनमें 1 लाख 41 हजार 372 पुरुष, 1 लाख 29 हजार 774 महिला एवं 1 अन्य मतदाता शामिल हैं। इसी प्रकार 84-जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र में 330 मतदान केंद्रों पर कुल 2 लाख 55 हजार 197 मतदाता हैं, जिनमें 1 लाख 28 हजार 977 पुरुष, 1 लाख 26 हजार 213 महिला एवं 7 अन्य मतदाता हैं। वहीं 85-जैतपुर विधानसभा क्षेत्र में 331 मतदान केंद्रों पर कुल 2 लाख 43 हजार 77 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 1 लाख 23 हजार 469 पुरुष, 1 लाख 19 हजार 604 महिला एवं 4 अन्य मतदाता शामिल हैं। जिले का कुल जेण्डर रेशियो 954 तथा ईपी रेशियो 62.89 है।
अपर कलेक्टर ने सभी राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीएलए, बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के साथ समन्वय स्थापित कर मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने में सहयोग करेंगे।
शहडोल से सत्येन्द्र सोनी




