करेली पुलिस पर लगे 1 लाख रुपये प्रतिमाह वसूली के गंभीर आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
नरसिंहपुर (ब्यूरो)। करेली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम इमझिरी में लंबे समय से अवैध गतिविधियां जोरों पर हैं। गाँव में खुलेआम संचालित हो रहे जुआ, सट्टा और अवैध शराब की बिक्री से त्रस्त होकर गुरुवार, 12 नवंबर को ग्रामीणों के एक समूह ने पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुँचकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने इन अवैध धंधों पर तत्काल रोक लगाने के साथ-साथ कथित पुलिस संरक्षण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस को हर महीने 1 लाख रुपये देने का दावा करते हैं आरोपी
एसपी को सौंपे गए शिकायती आवेदन में ग्रामीणों ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गाँव में लंबे समय से जुआ, सट्टा और अवैध शराब का कारोबार बेखौफ चल रहा है, जिससे गाँव का सामाजिक वातावरण खराब हो रहा है और युवा पीढ़ी पर इसका बुरा असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इन अवैध गतिविधियों में लिप्त लोग गाँव वालों के सामने खुलेआम यह दावा करते हैं कि वे करेली पुलिस को हर महीने 1 लाख रुपये देते हैं, इसलिए उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इस तरह के बयानों से ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष और अविश्वास का माहौल है।
ग्रामीणों ने रखी ये 5 प्रमुख मांगें
समस्त ग्रामवासियों की ओर से दिए गए इस आवेदन में पुलिस अधीक्षक से जनहित और गाँव की शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निम्नलिखित मांगें की गई हैं:
समस्त ग्रामवासियों की ओर से दिए गए इस आवेदन में पुलिस अधीक्षक से जनहित और गाँव की शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निम्नलिखित मांगें की गई हैं:
- ग्राम इमझिरी में संचालित जुआ, सट्टा और अवैध शराब बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।
- अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।
- करेली पुलिस को प्रतिमाह 1 लाख रुपये देने संबंधी कथित बयान की निष्पक्ष एवं गोपनीय जांच कराई जाए।
- यदि जांच में किसी भी पुलिसकर्मी की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई हो।
- शिकायतकर्ताओं एवं ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की धमकी या दबाव का सामना न करना पड़े।
आवेदन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में ग्राम इमझिरी के युवा और ग्रामीण एसपी कार्यालय में मौजूद रहे।
Views: 96




